मधेपुरा में मुंगेर-जमुई के बीच कबड्डी का रोमांच, खिलाड़ियों के दमदार दांव-पेच ने बांधा समां
मधेपुरा के चौसा प्रखंड में दो दिवसीय 'भटगामा महोत्सव 2026' का भव्य आगाज हुआ, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और नशामुक्त समाज का निर्माण है।

मधेपुरा के भटगामा में भटगामा महोत्सव 2026 का उद्घाटन करते एसडीएम, एसडीपीओ व अन्य।
HighLights
चौसा में दो दिवसीय 'भटगामा महोत्सव 2026' का शुभारंभ।
मुंगेर और जमुई के बीच रोमांचक कबड्डी मुकाबला खेला गया।
महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति पर विशेष जोर दिया गया।
संवाद सूत्र, चौसा (मधेपुरा)। महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और नशामुक्त समाज के निर्माण के बुलंद संकल्प के साथ मंगलवार को मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत भटगामा में दो दिवसीय 'भटगामा महोत्सव 2026' का भव्य आगाज हुआ। महोत्सव के पहले दिन मुंगेर और जमुई की टीमों के बीच कबड्डी का बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया।
दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन, फुर्ती और बेहतरीन तालमेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं उपस्थित लोगों ने भी तालियां बजाकर खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया।
प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ उदाकिशुनगंज के एसडीएम पंकज कुमार घोष और एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
खेल और सामाजिक बदलाव का बना जरिया
आयोजन की पृष्ठभूमि और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सवेरा संस्था के संस्थापक एवं वरिष्ठ पत्रकार विनोद आशीष ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य लक्ष्य मनोरंजन और खेल के साथ-साथ समाज में एक सकारात्मक संदेश फैलाना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित मंच और मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभावान खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नशामुक्ति और महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर
महोत्सव के दौरान समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। आयोजकों ने युवाओं को नशे की लत से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
उद्घाटन के अवसर पर सीओ उदय कांत मिश्र, थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, सीडीपीओ दुर्गेश कुमार, जिला कबड्डी संघ के सचिव अरुण कुमार, मुखिया प्रतिनिधि सुशील कुमार यादव, सरपंच प्रतिनिधि अरुण सिंह और समाजसेवी श्यामल सिंह सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
