विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोशी MLC स्नातक चुनाव : 9678 मतदाता मधेपुरा के 14 केंद्रों पर वोटिंग, पूर्णिया बज्रगृह में सील होंगी मतपेटियां

Published: Wed, 21 Oct 2026 06:40 PM (IST)

Koshi Graduates Constituency Election 2026: मधेपुरा में कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी ...और पढ़ें

Koshi Graduates Constituency Election 2026: मधेपुरा में मतदान की तैयारी कर ली गई है।

Koshi Graduates Constituency Election 2026: मधेपुरा में मतदान की तैयारी कर ली गई है।

HighLights

  1. मधेपुरा में कोशी स्नातक चुनाव की सभी तैयारियां पूरी।

  2. 9,678 स्नातक मतदाता 14 केंद्रों पर करेंगे मतदान।

  3. मतदान के बाद मतपेटियां पूर्णिया बज्रगृह पहुंचाई जाएंगी।

जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Koshi Graduates Constituency Election 2026: बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए मधेपुरा जिले में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को जिले के सभी 14 मतदान केंद्रों पर सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इस दौरान जिले के कुल 9,678 पंजीकृत स्नातक निर्वाचक अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) का चुनाव करेंगे।

आइएएस प्रेम सिंह मीणा बनाए गए सामान्य प्रेक्षक

चुनाव प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के वरिष्ठ अधिकारी प्रेम सिंह मीणा को मधेपुरा जिले के लिए सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया है। जिला निर्वाचन प्रशासन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान केंद्रों की सुरक्षा, निगरानी और व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुटा है।

14 मतदान दलों को दिया गया अंतिम प्रशिक्षण

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित झल्लू बाबू सभागार में मतदान दलों से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों का संयुक्त ब्रीफिंग व प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। चुनाव के सफल संचालन के लिए 14 मतदान दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में एक पीठासीन पदाधिकारी और तीन मतदान पदाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को मतपत्र, मतपेटी के सीलिंग नियम और मतदान प्रक्रिया की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया। निर्वाचन की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों के अंतिम आवंटन की जानकारी सामग्री वितरण के समय ही दी जाएगी।

प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मिली बुनियादी सुविधाओं की जिम्मेदारी

सभी 14 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शेड, रैंप और प्रकाश की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को सौंपा गया है। विधि-व्यवस्था संधारण के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र और सेक्टर स्तर पर गश्ती दल दंडाधिकारी (पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट) तैनात किए गए हैं, जिनके साथ पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पूर्णिया स्थित बज्रगृह में तैयारी

मतदान की समाप्ति के पश्चात सभी मतपेटिकाओं और निर्वाचन से जुड़ी गोपनीय सामग्रियों को सुरक्षित रूप से पूर्णिया पहुंचाया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार, पीठासीन पदाधिकारी मतपेटिका संग्रह-सह-गश्ती दल दंडाधिकारी और पुलिस बल की निगरानी में सामग्री को क्षेत्रीय कार्यालय, बीएसईबी (पूर्णिया) स्थित बज्रगृह तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही मतदान पदाधिकारी-1, माइक्रो प्रेक्षक और वीडियोग्राफर को निर्धारित सरकारी वाहनों से पूर्णिया ले जाने और प्रक्रिया संपन्न होने के बाद वापस लाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।