मधेपुरा के बुधनगर में 11000 वोल्ट के तार ने ली दो दोस्तों की जान, सुबह टहलने निकले थे सिंटू व रोशन
Madhepura Electrocution Death: मधेपुरा के बुधनगर में 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दो युवकों सिंटू ...और पढ़ें

Madhepura Electrocution Death: मधेपुरा के घैलाढ़ में 11 हजार वोल्ट बिजली की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौत
HighLights
मधेपुरा के बुधनगर में दो युवकों की करंट से मौत।
परिजनों ने जर्जर तार गिरने को बताया हादसे का कारण।
बिजली विभाग ने तार चोरी के प्रयास की आशंका जताई।
संवाद सूत्र, घैलाढ़ (मधेपुरा)। Madhepura Electrocution Death: मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड अंतर्गत झिटकिया पंचायत के बुधनगर गांव में रविवार तड़के 11 हजार वोल्ट (हाईटेंशन) बिजली के तार की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुधनगर वार्ड संख्या तीन निवासी सुधीर यादव के पुत्र सिंटू कुमार (23) और गुलाब यादव के पुत्र रोशन कुमार (19) के रूप में हुई है।
एक ही गांव के दो नवयुवक दोस्तों की असमय मौत से बुधनगर में मातम छा गया है और दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर मृतकों के परिवार और विद्युत विभाग के दावे आमने-सामने आ गए हैं, जिससे पूरा मामला संशय में उलझ गया है।
टहलने के दौरान गिरा तार और हो गया हादसा
घटना के संदर्भ में मृतकों के स्वजन नारायण यादव, शशि यादव और डॉ. हर्ष सिंधु ने बताया कि रविवार सुबह सिंटू कुमार और रोशन कुमार रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। वे गांव के पास नहर की ओर जा रहे थे, तभी अचानक 11 हजार वोल्ट का जर्जर हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया।
तेज करंट की चपेट में आने के कारण दोनों युवकों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि जर्जर तार टूटने और विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद स्वजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
चोरी के इरादे से तार काटने के दौरान लगी करंट
दूसरी ओर, विद्युत आपूर्ति प्रशाखा घैलाढ़ के कनीय विद्युत अभियंता (जेई) अजीत कुमार ने वरीय अधिकारियों को भेजे आवेदन में घटना को पूरी तरह अलग रूप दिया है। आवेदन के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:31 बजे बुधनगर में दो लोगों की करंट से मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद विभागीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
विभाग की ओर से आशंका जताई गई है कि लक्ष्मीनियां फीडर की 11 हजार वोल्ट की चालू लाइन को दोनों युवक कथित तौर पर अवैध तरीके से काटने का प्रयास कर रहे थे। विभाग ने दावा किया है कि घटनास्थल पर ली गई तस्वीरों में दोनों के हाथों में 11 हजार वोल्ट का तार देखा गया है। इसके अलावा, बेलोखरी क्षेत्र में पूर्व में 24 पोल से तार काटे जाने की घटना का उल्लेख करते हुए विभाग ने संगठित तार चोर गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई है।
पुलिस और विभाग ने शुरू की मामले की जांच
बिजली विभाग के इस आरोप से पीड़ित परिवार स्तब्ध है और वे इसे हादसे को दबाने का प्रयास बता रहे हैं। इधर, विद्युत प्रमंडल मधेपुरा के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, चोरी से चालू तार काटने के दौरान यह हादसा हुआ है। विभाग इसकी आंतरिक जांच करा रहा है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने भी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद दोनों पक्षों के बयानों को दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहन तकनीकी व प्रत्यक्षदर्शी जांच में जुटी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक दर्दनाक हादसा था या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक प्रयास था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।