सेंट जोसेफ की शिक्षिका बॉक्सर पूजा की एक्सीडेंट में मौत! भागलपुर-हंसडीहा पथ पर ट्रैक्टर ने रौंदा, बुलेट से लौट रही थीं
Bhagalpur Hansdiha Road Accident: भागलपुर-हंसडीहा मुख्य पथ पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में सेंट जोसेफ स्कूल की शिक्षिका और ...और पढ़ें

Bhagalpur Hansdiha Road Accident: प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
राष्ट्रीय मुक्केबाज पूजा कुमारी की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत।
भागलपुर-हंसडीहा मुख्य पथ पर ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर चालक को मौके से गिरफ्तार किया।
संवाद सूत्र, जगदीशपुर (भागलपुर)। Bhagalpur Hansdiha Road Accident: भागलपुर-हंसडीहा मुख्य पथ पर शनिवार को एक बार फिर अनियंत्रित रफ्तार का कहर देखने को मिला। जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर के समीप ईंट लदे एक ओवरलोड ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बांका स्थित सेंट जोसेफ स्कूल की शिक्षिका और राष्ट्रीय स्तर की मुक्केबाज (नेशनल बॉक्सिंग खिलाड़ी) 29 वर्षीय पूजा कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब पूजा स्कूल में शिक्षण कार्य समाप्त होने के बाद अपने सहकर्मी शिक्षक के साथ बाइक से भागलपुर स्थित अपने घर लौट रही थीं। होनहार खिलाड़ी और शिक्षिका की असामयिक मौत की खबर से खेल प्रेमियों और परिजनों में मातम पसर गया है।
स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं पूजा, भवानीपुर के पास हुआ हादसा
पुलिस को दिए आवेदन में मृतका पूजा कुमारी के पति राजीव कुमार राय (निवासी: बूढ़ानाथ चौक, भागलपुर) ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को स्कूल समाप्त होने के बाद उनकी पत्नी अपने सहकर्मी शिक्षक अमित कुमार (निवासी: मारूफचक, मोजाहिदपुर) के साथ बुलेट बाइक से घर आ रही थीं।
जैसे ही वे भागलपुर-हंसडीहा पथ पर भवानीपुर के पास पहुंचे, पीछे से अत्यधिक तेज रफ्तार में आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि कोई संभल पाता, अनियंत्रित ट्रैक्टर का भारी चक्का पूजा कुमारी को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। बाइक चला रहे सहकर्मी शिक्षक अमित कुमार भी दुर्घटना में चोटिल हुए हैं।
जगदीशपुर से मायागंज रेफर, चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जगदीशपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान अवस्था में पूजा कुमारी को तुरंत जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जांच के उपरांत चिकित्सकों ने पूजा कुमारी को मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे मृतका के पिता राजेंद्र राय (निवासी: सूजापुर, नाथनगर) सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों के चीत्कार से पूरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया।
2010 में जीता था नेशनल ब्रॉन्ज, खेल जगत में शोक की लहर
पूजा कुमारी की मौत से भागलपुर के खेल प्रेमियों को गहरा आघात पहुंचा है। पूजा के पूर्व बॉक्सिंग कोच और जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद फरमुद अंसारी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूजा बचपन से ही अत्यंत अनुशासित और मेधावी मुक्केबाज थीं।
उन्होंने वर्ष 2010 में आयोजित नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल कर जिले और राज्य का मान बढ़ाया था। इसके अलावा उन्होंने सीनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी भाग लिया था। कोच ने भावुक होते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में हमने एक होनहार खिलाड़ी और मार्गदर्शक को असमय खो दिया है।
ट्रैक्टर जब्त, चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इधर, मामले की जानकारी देते हुए जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक और ईंट लदे ट्रैक्टर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही ट्रैक्टर के चालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले में विधिसम्मत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।