सोलर लोन में देरी पर बैंकर्स पर बरसे मधेपुरा डीएम: ऋण स्वीकृति व वितरण में भारी अंतर पर जताई नाराजगी, दिया अल्टीमेटम
Madhepura DM Meeting Solar Scheme: मधेपुरा के जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने सौर ऊर्जा योजना के तहत ऋण स्वीकृति और वितरण ...और पढ़ें
-1794206120675_m.webp)
Madhepura DM Meeting Solar Scheme: मधेपुरा डीएम ने सोलर लोन पर जताई नाराजगी
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। Madhepura DM Meeting Solar Scheme: जिले में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और सोलर अधिष्ठापन के निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति को लेकर समाहरणालय स्थित न्यू एनआईसी हॉल में शनिवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अभियंता, विभिन्न राष्ट्रीयकृत व निजी बैंकों के शाखा प्रबंधक, सोलर वेंडर तथा संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जब जिलाधिकारी ने सोलर अधिष्ठापन के लिए आए ऋण आवेदनों की तुलना में स्वीकृत व वितरित किए गए ऋणों के आंकड़ों की समीक्षा की, तो दोनों के बीच एक बड़ा अंतर सामने आया। इस पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए बैंकों की सुस्त कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
आवेदकों को न हो परेशानी, प्राथमिकता पर निपटाएं पेंडिंग फाइलें
जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने बैठक में उपस्थित सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को स्पष्ट हिदायत दी कि वे लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
डीएम ने सख्त शब्दों में कहा कि सोलर संयंत्र लगाने के इच्छुक उपभोक्ताओं और आवेदकों को बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें किसी प्रकार की अकारण परेशानी का सामना न करना पड़े। बैंक अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कागजी औपचारिकताएं पूरी कर पात्र आवेदकों को तत्काल ऋण उपलब्ध कराएं।
अधिक खपत वाले उपभोक्ताओं से संपर्क करें विद्युत अभियंता
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित विद्युत विभाग के कार्यपालक एवं सहायक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में उच्च विद्युत खपत वाले घरेलू व व्यावसायिक उपभोक्ताओं की सूची तैयार करें। विभागीय अधिकारी ऐसे उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उन्हें सोलर पैनल लगाने के फायदे और इस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की जानकारी देकर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।
साथ ही उन्होंने सहायक विद्युत अभियंताओं को फील्ड स्तर पर लगातार सघन मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि जिले को आवंटित सोलर अधिष्ठापन का लक्ष्य समय-सीमा के भीतर हासिल किया जा सके।
विभाग, बैंक और वेंडर के बीच बेहतर समन्वय अनिवार्य
जिलाधिकारी ने रेखांकित किया कि सौर ऊर्जा योजना के व्यापक प्रसार और सफल क्रियान्वयन के लिए विद्युत विभाग, बैंक प्रबंधन तथा सोलर एजेंसियों के मध्य आपसी तालमेल सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। जब तक तीनों इकाइयां एक टीम के रूप में मिशन मोड में कार्य नहीं करेंगी, तब तक उपभोक्ताओं को निर्बाध लाभ नहीं मिल सकेगा।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता राजीव रंजन (उदाकिशुनगंज) व अरविंद कुमार (मधेपुरा), सहायक विद्युत अभियंता दीपक दास, तारा आनंद यादव और विजय कुमार, कनीय विद्युत अभियंता सुशील कुमार और अमरनाथ गुप्ता सहित जिले के विभिन्न बैंक प्रतिनिधि और वेंडर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।