कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दीपदान का शुभ महूर्त, ज्योतिषाचार्य ने बताया महत्व
सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है, जिसमें गंगा स्नान और दीपदान की परंपरा है। इस बार कृतिका नक्षत्र में पूर्णिमा पर विभिन्न शुभ मुहूर्त बताए गए हैं, जो पापों का क्षय कर पुण्य दिलाते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा। ग्राफिक्स जागरण
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व।
24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में स्नान-दान, शाम को दीपदान।
भगवान विष्णु की कृपा मिलती, गुरु नानक देव जयंती भी।
संवाद सूत्र, पुरैनी (मधेपुरा)। सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन गंगा स्नान और शाम को दीपदान की परंपरा है। मान्यता है कि गंगा स्नान से पापों का क्षय होता है और नदी किनारे दीपदान करने से 10 यज्ञों के बराबर पुण्य मिलता है।
ज्योतिषाचार्य पंडित दिनकर झा के अनुसार, इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर कृतिका नक्षत्र रहेगा। शाम 04:06 बजे तक परिघ योग रहेगा, इसके बाद शिव योग होगा।
रात्रि 11:25 बजे के बाद रोहिणी नक्षत्र शुरू होगा। पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात्रि 11:42 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर की रात्रि 08:23 बजे समाप्त होगी।
24 नवंबर को ब्रह्म मुहूर्त में स्नान-दान का समय सुबह 05:03 से 05:57 बजे तक, अभिजित मुहूर्त सुबह 11:47 से दोपहर 12:29 बजे तक और विजय मुहूर्त दोपहर 01:53 से 02:36 बजे तक है।
चंद्रोदय लगभग 05:01 बजे होगा। दीपदान का समय शाम 05:08 से 07:47 बजे तक रहेगा। मान्यता है कि ब्रह्मा, विष्णु, शिव, अंगिरा और आदित्य ने इस तिथि को महापुनीत पर्व माना है।
इसी दिन चंद्रायण व्रत पूरा होता है। भगवान विष्णु ने इसी दिन मत्स्यावतार लिया था और गंगा-गंडक संगम पर गज की पुकार सुनकर ग्राह का संहार कर उसकी रक्षा की थी।
मिलती है भगवान विष्णु की कृपा
पंडित झा ने बताया कि ब्राह्मणों और गरीबों को दान, भोजन, क्षीर व शिक्षा दान तथा बड़ों का आशीर्वाद लेने से विष्णु की कृपा मिलती है। मंदिर, पीपल के नीचे, चौराहे या नदी किनारे दीप जलाए जाते हैं। इसी दिन गुरु नानक देव का जन्म हुआ था।
सिख समुदाय गुरुद्वारों में उनके वचन सुनता, धर्म के मार्ग पर चलने का प्रण लेता और लोगों को भोजन कराता है। यह दिन गुरु पर्व कहलाता है।
पंडित पवन झा के अनुसार, शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर और उसके पुत्रों का वध किया था, इसलिए इसे त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहते हैं। मंदिरों में दीप जलाकर देव दीपावली मनाई जाती है।
यह भी पढ़ें- अब सांकेतिक भाषा में बच्चों से संवाद करेंगे शिक्षक, श्रवण बाधित बच्चों की पढ़ाई होगी आसान