लखीसराय में हादसा: तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत
हलसी थाना क्षेत्र के सुरारी इमामनगर गांव में सोमवार को तालाब में नहाने के दौरान दो किशोरों, धीरज कुमार और अमित कुमार, की डूबने से मौत हो गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
हलसी के सुरारी इमामनगर में दो किशोर डूबे।
तालाब में नहाते समय हुई दर्दनाक घटना।
अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किया गया।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। हलसी थाना क्षेत्र के सुरारी इमामनगर गांव में सोमवार दोपहर तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गांव निवासी अवधेश महतो के 14 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार और पप्पू महतो के 13 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे धीरज और अमित अपने दो-तीन अन्य साथियों के साथ गांव के पश्चिमी हिस्से स्थित तालाब में स्नान करने गए थे।
स्नान करने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को डूबता देख साथ गए बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
आवाज सुनकर ग्रामीण तालाब पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों बालकों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीण दोनों को इलाज के लिए हलसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की पुष्टि हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने की। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला, समस्तीपुर में दिल दहला देने वाली वारदात