विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय: बगीचे में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव, गमछे से गला घोंटकर हत्या की आशंका

Published: Tue, 03 Nov 2026 04:53 PM (IST)

लखीसराय के सूर्यगढ़ा में एक 17 वर्षीय किशोर का शव बगीचे में मिला, जिसके गले पर फंदे के निशान थे। ...और पढ़ें

बगीचे में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव

बगीचे में मिला 17 वर्षीय किशोर का शव

HighLights

  1. 17 वर्षीय किशोर का शव बगीचे में मिला।

  2. गमछे से गला घोंटकर हत्या की आशंका।

  3. मोबाइल विवाद में पांच लोग हिरासत में।

संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। टोरलपुर और मुस्तफापुर के बीच पांच गछिया बगीचे में मंगलवार की सुबह 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निस्ता गांव निवासी मनोज यादव उर्फ मनीजर के पुत्र पिंकेश कुमार के रूप में हुई है। उसके गले पर फंदे का निशान और शरीर पर चोट के चिह्न मिले हैं। 

घटनास्थल से नशे से जुड़ी सामग्री बरामद हुई है, जबकि उसका मोबाइल गायब था। प्रारंभिक परिस्थितियां मारपीट के बाद गमछे से गला कसकर हत्या किए जाने की आशंका की ओर इशारा कर रही हैं। हालांकि, हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। 

पांच लोगों को हिरासत में लिया

पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें पारो यादव और उनकी पत्नी, राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी तथा मृतक का मित्र रोहित कुमार शामिल हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ बताने से बच रही है। 

घटना के बाद पुलिस ने खोजी कुत्ते की मदद ली। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक गमछा भी बरामद किया गया है। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर विभिन्न साक्ष्य और निशान जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेज दिया गया।

चेन्नई से लौटे दोस्तों के बीच मोबाइल को लेकर था विवाद

मृतक की मां सीता देवी के अनुसार, पिंकेश सोमवार की शाम घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। मंगलवार की सुबह बगीचे में उसका शव पड़े होने की सूचना मिली। स्वजन मौके पर पहुंचे तो शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई। 

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पिंकेश अपने मित्र भिखारी कुमार, रोहित कुमार और सन्नी कुमार के साथ चेन्नई की एक कपड़ा मिल में काम करता था। चार-पांच दिन पहले पिंकेश और रोहित गांव लौटे थे। 

दोनों के बीच पहले से विवाद 

बताया जाता है कि सभी नशे के आदी थे और सोमवार की शाम पांच गछिया बगीचे में एक साथ नशा करने पहुंचे थे। सूत्रों के अनुसार, चेन्नई में पिंकेश का मोबाइल खो गया था। उसे लेकर उसने प्रमोद यादव के पुत्र सन्नी कुमार पर चोरी का संदेह जताया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। 

आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण पिंकेश को सोमवार की शाम घर से बुलाकर बगीचे में ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट के बाद गला कसकर हत्या कर दी गई। हालांकि, इस घटनाक्रम की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस सभी बिंदुओं पर कर रही जांच

थानाध्यक्ष रोहित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में छापेमारी जारी है।

यह भी पढ़ें- हत्या या आत्महत्या? लखीसराय में पेड़ से लटका मिला कारेलाल यादव का शव, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।