लखीसराय में राशन डीलर बनने का सुनहरा मौका: 79 पदों पर बिना शुल्क होगी भर्ती, मैट्रिक पास युवाओं को प्राथमिकता
लखीसराय जिले में जन वितरण प्रणाली की 79 नई उचित मूल्य की दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक मैट्रिक पास आवेदक 1 से 7 दिसंबर 2026 तक अनुमंडल कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं, जिसमें कंप्यूटर ज्ञान और विशिष्ट समूहों को प्राथमिकता मिलेगी।

लखीसराय में राशन डीलर बनने का सुनहरा मौका (AI Generated Image)
HighLights
लखीसराय में 79 नई जन वितरण प्रणाली दुकानें खुलेंगी।
आवेदन 1 से 7 दिसंबर 2026 तक जमा किए जा सकेंगे।
मैट्रिक पास, कंप्यूटर ज्ञान वाले आवेदकों को मिलेगी प्राथमिकता।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। जिले में जन वितरण प्रणाली की नई उचित मूल्य की दुकानों की अनुज्ञप्ति के लिए आम सूचना जारी की गई है।
समाहरणालय स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय की विज्ञप्ति संख्या-01/2026 के तहत लखीसराय अनुमंडल के चानन, हलसी, लखीसराय, पिपरिया, रामगढ़चौक और सूर्यगढ़ा के साथ लखीसराय नगर परिषद व सूर्यगढ़ा नगर परिषद में विभिन्न कोटि के कुल 79 रिक्त पदों पर बहाली होगी। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
आवेदन अनुमंडल कार्यालय लखीसराय में 01.12.2026 से 07.12.2026 तक प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। आवेदक स्वयं या प्रतिनिधि के माध्यम से आवेदन दे सकते हैं। निर्धारित अवधि के बाद मिले आवेदनों पर विचार नहीं होगा। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं देना है।
आवेदन के लिए मैट्रिक पास और वयस्क होना अनिवार्य है। कंप्यूटर ज्ञान रखने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता समान होने पर अधिक अंक पाने वाले और अंक भी समान होने पर अधिक उम्र वाले आवेदक को प्राथमिकता मिलेगी।
डीलर लाइसेंस के लिए स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं की सहयोग समितियों, पूर्व सैनिकों की सहयोग समितियों, शिक्षित बेरोजगारों और संबंधित पंचायत अथवा वार्ड के निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। अनुज्ञप्ति पांच वर्ष के लिए जारी होगी। इसके बाद निर्धारित प्रावधानों के अनुसार नवीकरण किया जाएगा।
एक संयुक्त परिवार के एक से अधिक सदस्य को दुकान आवंटित नहीं होगी। सरपंच, पंच, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य और नगर निकायों के निर्वाचित सदस्य अनुज्ञप्ति पाने के पात्र नहीं होंगे। आटा चक्की के मालिकों और उनके निकट संबंधियों को भी दुकान आवंटित नहीं की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।