विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय में हादसों में 4 युवकों की मौत; NH पर 3 बाइकों की टक्कर में दो रिश्तेदारों ने तोड़ा दम, दो को वाहनों ने रौंदा

Published: Tue, 20 Oct 2026 12:25 PM (IST)

लखीसराय जिले में बीते 24 घंटों में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक ...और पढ़ें

लखीसराय में तीन अलग-अलग हादसों में 4 युवकों की मौत। शोक में डूब पर‍िजन।

लखीसराय में तीन अलग-अलग हादसों में 4 युवकों की मौत। शोक में डूब पर‍िजन।

HighLights

  1. NH-80 पर तीन बाइकों की टक्कर में दो रिश्तेदारों की मौत।

  2. मेदनी चौकी और बाइपास पर अज्ञात वाहनों ने दो युवकों को रौंदा।

  3. लखीसराय में 24 घंटे में चार युवकों की मौत, एक गंभीर।

जागरण टीम, लखीसराय। लखीसराय जिले में बीते चौबीस घंटों के दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कहर ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के सूर्यगढ़ा, मेदनी चौकी और नगर थाना क्षेत्र के बाइपास पर हुए तीन अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों में चार युवकों की असमय मौत हो गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

मृतकों में दो सगे रिश्तेदार शामिल हैं, जिनकी बाइक आमने-सामने भिड़ंत की शिकार हो गई। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं से समूचे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

एनएच-80 पर तीन बाइकों की भीषण टक्कर

पहली घटना सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-80 (एनएच-80) पर सोमवार की मध्यरात्रि घटी। रामपुर गांव के पचभैया टोला निवासी पप्पू सिंह का 18 वर्षीय पुत्र कन्हैया कुमार और उसका रिश्तेदार अमरपुर निवासी रौशन सिंह का पुत्र शुभम कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर रामपुर से लखीसराय शहर की ओर जा रहे थे।

पटना में दो रिश्तेदारों ने तोड़ा दम

इसी दौरान रामपुर के पास तीन बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार तीन युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की अत्यंत नाजुक हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। पटना में इलाज के दौरान कन्हैया कुमार और शुभम कुमार ने दम तोड़ दिया। तीसरे घायल युवक की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में जीवन रक्षक प्रणाली पर है।

दुर्गा पूजा मेला देखकर लौट रहे किशोर को अज्ञात वाहन ने रौंदा

दूसरी हृदयविदारक घटना मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के हैवतगंज के पास मंगलवार तड़के सामने आई। पहाड़पुर निवासी बहादुर महतो का 17 वर्षीय पुत्र संटू कुमार मेदनी चौकी बाजार से दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया।

सड़क पर तड़प रहे किशोर को ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सूर्यगढ़ा ले जाया गया, जहां जांच के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

लखीसराय बाइपास में मिला 18 वर्षीय युवक का शव

तीसरा हादसा लखीसराय नगर क्षेत्र के बाइपास रोड में बीएड कॉलेज के समीप हुआ। सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बड़हिया थाना क्षेत्र के शहजादपुर लक्ष्मीपुर निवासी रंजीत सिंह के 18 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार की मौत हो गई।

मंगलवार की सुबह जब स्थानीय लोग टहलने निकले, तो उन्होंने सड़क किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा और परिजनों को सूचित किया। पुलिस दोनों मामलों में फरार अज्ञात वाहनों और उनके चालकों की शिनाख्त के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक ही दिन में चार मौतों से संबंधित गांवों में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें- लखीसराय में भीषण सड़क हादसा, एनएच-80 पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम