30 किसानों से ₹1 करोड़ का अनाज लेकर परिवार समेत फरार हुआ व्यापारी, लखीसराय में मचा भारी हड़कंप
लखीसराय के वलीपुर गांव में एक गल्ला व्यापारी परिवार सहित फरार हो गया, जिसने 30 किसानों से एक करोड़ रुपये ...और पढ़ें

अनाज लेकर परिवार समेत फरार हुआ व्यापारी
HighLights
गल्ला व्यापारी ने किसानों से एक करोड़ का अनाज खरीदा।
भुगतान किए बिना व्यापारी परिवार सहित गांव से फरार।
पीड़ित किसानों ने न्याय के लिए पुलिस-प्रशासन से गुहार लगाई।
संवाद सूत्र, लखीसराय। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत वलीपुर गांव में किसानों से उधार अनाज खरीदकर एक करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किए बिना गल्ला व्यापारी के परिवार सहित फरार होने का मामला सामने आया है।
गांव के ही करीब 30 किसानों ने गल्ला व्यापारी पर करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर लेने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित किसानों ने न्यायालय, लखीसराय और पिपरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
परिवार के साथ गांव से लापता
पीड़ित किसानों में वलीपुर गांव के प्रगतिशील किसान विजय सिंह, रामउदय सिंह, महेश प्रसाद सिंह, हरेराम सिंह, रणधीर कुमार सिंह और प्रमोद सिंह सहित तीन दर्जन से अधिक किसान शामिल हैं।
किसानों के अनुसार, गांव के ही गल्ला व्यापारी राजेश साव, वाल्मीकि साव, राजीव साव और चटपाल साव ने उनसे मक्का, सरसों एवं गेहूं उधार खरीदा था। व्यापारियों ने अनाज बेचने के बाद सभी किसानों को उनकी राशि का भुगतान करने का भरोसा दिया था। हालांकि, भुगतान करने से पहले ही सभी व्यापारी अपने परिवार के साथ गांव से लापता हो गए।
दस वर्षों से किसानों से करते थे अनाज का कारोबार
पीड़ित किसानों ने बताया कि उक्त गल्ला व्यापारी पिछले करीब दस वर्षों से इलाके में किसानों से अनाज खरीदने और बेचने का कारोबार कर रहे थे। इसी विश्वास के आधार पर किसानों ने उन्हें मक्का, सरसों और गेहूं उधार दिया था।
किसानों का आरोप है कि व्यापारियों ने करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का अनाज खरीदने के बाद भुगतान नहीं किया और परिवार सहित फरार हो गए।
किसानों ने बताया कि वे बड़ी मेहनत और सूद पर कर्ज लेकर खेती करते हैं। फसल बेचने के बाद मिलने वाली राशि से उन्हें कर्ज चुकाने और अगली खेती की तैयारी करनी थी। लेकिन व्यापारी के लापता होने से उनकी आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है। पीड़ित किसान राशि वापस मिलने को लेकर काफी चिंतित हैं।
डीएम और एसपी से भी लगाई न्याय की गुहार
मामले को लेकर पीड़ित किसानों ने न्यायालय और पिपरिया थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी मामले की जांच कराकर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।
इस संबंध में पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन ने बताया कि कुछ किसानों ने आवेदन दिया है। मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मोकामा-मुंगेर एक्सप्रेसवे अपडेट: 47 मौजों की जमीन पर अब खेती बंद, खेसरा पंजी से तैयार हुआ पंचाट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।