ISRO का ऑफर छोड़ चुनी थी BARC की राह, अब वियना के वैश्विक मंच पर चमके लखीसराय के लाल गौरव कुमार
लखीसराय के गौरव कुमार, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक, संयुक्त राष्ट्र के वियना परिसर में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक विमर्श में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
-1795331695705_m.webp)
ऑस्ट्रिया में बड़हिया के गौरव कुमार। (फोटो- स्वजन)
HighLights
गौरव कुमार वियना में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक, सबसे कम उम्र के भारतीय प्रतिनिधि।
परमाणु ऊष्मा आधारित हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संवाद सूत्र, बड़हिया (लखीसराय)। बड़हिया नगर के वार्ड संख्या 16 स्थित रामचरण टोला निवासी मुकेश कुमार और स्मिता सिंह के पुत्र गौरव कुमार अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) में वैज्ञानिक गौरव संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय परिसर, आस्ट्रिया की राजधानी वियना में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ वैज्ञानिक विमर्श में हिस्सा ले रहे हैं।
इससे बड़हिया, लखीसराय और बिहार का नाम रोशन हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस प्रतिष्ठित मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले गौरव सबसे कम उम्र के भारतीय वैज्ञानिक हैं।
उनका बचपन बड़हिया में बीता। स्थानीय गलियों से निकलकर विश्वस्तरीय वैज्ञानिक विमर्श तक पहुंचने का उनका सफर क्षेत्र की प्रतिभा का प्रेरक उदाहरण है।
हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना में भी दे चुके हैं योगदान
गौरव इससे पहले विश्व की पहली परमाणु ऊष्मा आधारित हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना में महत्वपूर्ण योगदान दे चुके हैं।
तमिलनाडु के कल्पक्कम स्थित इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र में कॉपर-क्लोरीन थर्मोकेमिकल चक्र आधारित हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।
करीब पांच वर्ष पहले बीएआरसी में चयनित होने के साथ उन्हें ईसरो में नियुक्ति का प्रस्ताव भी मिला था। अब अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी उपलब्धियों की कड़ी में एक और अहम पड़ाव है।
गौरव की सफलता दिखाती है कि गांवों और छोटे शहरों के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत से विश्व स्तर पर पहचान बना सकते हैं। उनकी उपलब्धि बड़हिया के लिए गर्व और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
यह भी पढ़ें- लखीसराय की बेटी कशिश ने यूपी में गाड़ा सफलता का झंडा, चारों सेमेस्टर में टॉप कर जीता गोल्ड मेडल