विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के सरकारी स्कूलों में बदला पढ़ाई का नियम, अब खाली नहीं रहेगा कोई पीरियड; क्लास टाइम में मीटिंग पर रोक

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:34 PM (IST)

सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने नए नियम जारी किए हैं। अब कोई भी पीरियड खाली नहीं रहेगा और शिक्षकों को शिक्षण अवधि में बैठकों से छूट मिलेगी।

बिहार के सरकारी स्कूलों में बदला पढ़ाई का नियम (सौ. जागरण)

बिहार के सरकारी स्कूलों में बदला पढ़ाई का नियम (सौ. जागरण)

HighLights

  1. कक्षाएं खाली नहीं रहेंगी, शिक्षकों की अनुपस्थिति में व्यवस्था।

  2. शिक्षण अवधि में बैठकें, प्रशिक्षण, कार्यशालाएं प्रतिबंधित।

  3. प्रधानाध्यापकों को शैक्षणिक अनुशासन के लिए व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह बनाया।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई के नाम पर समय की बर्बादी और कक्षाओं के खाली रहने की व्यवस्था अब नहीं चलेगी। विद्यालयों में शिक्षण समय का पूरा सदुपयोग सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक अनुशासन का नया खाका तैयार किया है। 

इसके तहत पहली घंटी से ही पढ़ाई शुरू करनी होगी और विद्यालय की कोई भी घंटी शिक्षक के अभाव में खाली नहीं जाएगी। किसी शिक्षक के अवकाश या अनुपस्थिति की स्थिति में प्रधानाध्यापक को उसी दिन दूसरे शिक्षक की व्यवस्था करनी होगी। 

इतना ही नहीं, शिक्षण अवधि में शिक्षकों को बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कांफ्रेंसिंग या कार्यशाला के लिए भी नहीं बुलाया जा सकेगा। इन गतिविधियों का आयोजन विद्यालय अवधि से पहले या बाद में करना होगा।

प्रधानाध्यापकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी 

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने 23 नवंबर को इस संबंध में राज्य के सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है। 

इसके पीछे सरकारी विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आईं कमियों को दूर करना और पठन-पाठन को व्यवस्थित करना मुख्य उद्देश्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर बच्चों के सीखने के स्तर तक की जवाबदेही तय होगी।

शिक्षक की गैरमौजूदगी में भी नहीं रुकेगी पढ़ाई

नई व्यवस्था में प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी केवल शिक्षकों की हाजिरी बनाने तक सीमित नहीं रहेगी। उन्हें प्रतिदिन सुबह शिक्षकों की उपस्थिति देखकर यह तय करना होगा कि किस कक्षा में शिक्षक की कमी हो सकती है। इसके लिए विद्यालय में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर भी रखना होगा। प्रत्येक कक्षा और विषय की दैनिक समय सारणी बनाकर प्रदर्शित करनी होगी। 

शिक्षकों को प्रतिदिन पाठ योजना तैयार करने और शिक्षण डायरी रखने का निर्देश दिया गया है। प्रधानाध्यापक इसका नियमित अवलोकन करेंगे। कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें पढ़ने, लिखने और गणित में अतिरिक्त सहायता देनी होगी। 

नियमित गृहकार्य, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाओं के साथ उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर जांच तथा परिणाम का विश्लेषण भी अनिवार्य होगा।

खेल, आत्मरक्षा और पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी जोर

शिक्षा विभाग ने पढ़ाई के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को भी नई व्यवस्था का हिस्सा बनाया है। विद्यालय समय के बाद फुटबॉल का नियमित अभ्यास, कला-संस्कृति, गीत-संगीत, नाटक, भाषण और वाद-विवाद जैसी गतिविधियां आयोजित करनी होंगी। बालिकाओं सहित सभी बच्चों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था भी करनी होगी। 

वहीं, शारीरिक और मानसिक दंड पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और समय पर वितरण की निगरानी प्रधानाध्यापक करेंगे। प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारी प्रत्येक सप्ताह विद्यालयों का निरीक्षण कर कक्षा संचालन, शिक्षक उपस्थिति और वैकल्पिक व्यवस्था की जांच करेंगे। 

प्रधानाध्यापक को विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन के लिए व्यक्तिगत रूप से जवाबदेह बनाया गया है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों और शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ लापरवाही पर कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। सभी जिलों को एक सप्ताह के भीतर अनुपालन की पुष्टि और इसके बाद प्रत्येक माह प्रगति प्रतिवेदन भेजना होगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

यह भी पढ़ें- लखीसराय में राशन डीलर बनने का सुनहरा मौका: 79 पदों पर बिना शुल्क होगी भर्ती, मैट्रिक पास युवाओं को प्राथमिकता


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।