बिहार शिक्षा विभाग की बड़ी चूक: संविधान दिवस के निर्देश में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को बताया प्रारूप समिति का अध्यक्ष
बिहार शिक्षा विभाग के संविधान दिवस निर्देश में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को प्रारूप समिति का अध्यक्ष बताने की ऐतिहासिक चूक सामने आई है।
-1765960955867-1795269212946_m.webp)
बिहार शिक्षा विभाग की बड़ी चूक। (फाइल फोटो)
HighLights
शिक्षा विभाग के निर्देश में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को प्रारूप समिति अध्यक्ष बताया।
वास्तव में डॉ. भीमराव आंबेडकर थे प्रारूप समिति के अध्यक्ष।
शिक्षक ने ईमेल भेजकर सुधार की मांग की, असंतोष व्याप्त।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने 26 नवंबर को सभी सरकारी विद्यालयों में संविधान दिवस मनाने का निर्देश जारी किया है।
लेकिन संविधान के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए जारी इसी निर्देश में संविधान निर्माण से जुड़ी दो महान हस्तियों में से एक के पदनाम को लेकर गंभीर ऐतिहासिक चूक सामने आई है।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल के हस्ताक्षर से जारी पत्र में डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को प्रारूप समिति (ड्राफ्टिंग कमेटी) का अध्यक्ष बताया गया है, जबकि इस समिति के अध्यक्ष डॉक्टर भीमराव आंबेडकर थे।
डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष थे। विभाग के इस पत्र में हुई गलती को लेकर शिक्षा प्रेमियों और बुद्धिजीवियों में असंतोष है।
मामले में जिले के राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा ने अपर मुख्य सचिव को ईमेल भेजकर ऐतिहासिक तथ्य में सुधार करने और संशोधित निर्देश जारी करने की मांग की है।

शिक्षा विभाग ने पत्रांक 251, दिनांक 20 नवंबर 2026 के माध्यम से सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को 26 नवंबर को विद्यालयों में संविधान दिवस अनिवार्य रूप से मनाने का निर्देश दिया है।
इसके तहत सुबह की प्रार्थना सभा में संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराने, विद्यार्थियों को संविधान निर्माण में भीमराव आंबेडकर और डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद के योगदान पर बोलने का अवसर देने, पोस्टर-ड्राइंग एवं कोलाज प्रतियोगिता कराने और संविधान के मूल सिद्धांतों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित करने को कहा गया है। प्रधानाध्यापकों को अपने कक्ष में महात्मा गांधी के चित्र के साथ संविधान की प्रस्तावना का पोस्टर पूरे वर्ष लगाने का भी निर्देश दिया गया है।
29 अगस्त 1947 को गठित हुई थी प्रारूप समिति
संविधान निर्माण के ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार, संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी। 11 दिसंबर 1946 को डाक्टर राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे।
वहीं, संविधान सभा ने 29 अगस्त 1947 को संविधान की प्रारूप समिति का गठन किया था और डाक्टर भीमराव आंबेडकर को इसका अध्यक्ष बनाया था। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकृत किया, जबकि यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ।
राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध राष्ट्रपति के संविधान दिवस संबोधन में भी डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद को संविधान सभा का अध्यक्ष और डॉक्टर आंबेडकर को प्रारूप समिति का अध्यक्ष स्पष्ट रूप से बताया गया है।
ऐसे में शिक्षा विभाग के राज्यस्तरीय निर्देश में पदनाम की यह त्रुटि विद्यार्थियों तक गलत ऐतिहासिक जानकारी पहुंचने का कारण बन सकती है। अब देखना है कि विभाग इस गलती को सुधारने के लिए संशोधित पत्र जारी करता है या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।