विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अक्षय नवमी: सतयुग की शुरुआत से जुड़ा है इसका इतिहास, आंवले के पेड़ की पूजा का है खास महत्व

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:00 AM (IST)

लखीसराय में आज अक्षय नवमी पर महिलाएं आंवले के वृक्ष की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना करेंगी।

AI के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

AI के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. महिलाएं आंवले के वृक्ष की पूजा कर सुख-समृद्धि मांगेंगी।

  2. अक्षय नवमी पर किए गए दान-पुण्य का फल अक्षय होता है।

  3. आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास माना जाता है।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि बुधवार को अक्षय नवमी के रूप में मनाई जाएगी। इसे आंवला नवमी भी कहा जाता है।

इस अवसर पर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना करेंगी। हिंदू धर्म में इस तिथि का विशेष महत्व है।

मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन किए गए जप, तप, पूजा-पाठ और दान-पुण्य का फल अक्षय अर्थात कभी समाप्त नहीं होने वाला होता है। इसी धार्मिक विश्वास के कारण इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने के साथ उसके नीचे बैठकर भोजन करने की भी परंपरा है।

जिले में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आंवला नवमी को लेकर विशेष धार्मिक आस्था रही है। सूर्यगढ़ा नगर में पूर्व के वर्षों में थाना परिसर स्थित साकेत धाम ठाकुरबाड़ी, प्रखंड के अमरपुर ठाकुरबाड़ी सहित अन्य स्थानों पर महिलाएं सामूहिक रूप से आंवले के वृक्ष की पूजा-अर्चना करेंगी।

बड़हिया नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी महिलाएं वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार के मंगल की कामना करती रही हैं। इस बार भी पर्व को लेकर घरों में पूजन की तैयारी की जा रही है।

आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। कार्तिक शुक्ल नवमी को आंवले के वृक्ष की पूजा करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होने की मान्यता है।

इस दिन महिलाएं सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करती हैं। इसके बाद आंवले के वृक्ष के समीप पहुंचकर उसकी जड़ में जल और दूध अर्पित करती हैं। रोली, अक्षत, चंदन, पुष्प, धूप और दीप से पूजन किया जाता है।

वृक्ष की परिक्रमा कर परिवार के सुख, सौभाग्य और आरोग्य की कामना की जाती है। कई स्थानों पर महिलाएं वृक्ष के तने में कच्चा सूत या रक्षा सूत्र बांधकर परिक्रमा करती हैं। परिक्रमा की संख्या और पूजन विधि में स्थानीय परंपराओं के अनुसार अंतर भी होता है।

इस अवसर पर आंवले के वृक्ष के नीचे बैठकर भगवान विष्णु की कथा सुनने और परिवार के साथ भोजन करने की परंपरा भी प्रचलित है।

महिलाएं घरों में तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के पकवान और व्यंजन का भोग लगाती हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ भोजन ग्रहण करती हैं।

धार्मिक मान्यता है कि इस दिन अन्न, वस्त्र और जरूरतमंदों को उपयोगी वस्तुओं का दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। अक्षय नवमी को सतयुग के आरंभ से भी जोड़कर देखा जाता है। इसी कारण इसे सतयुगादि नवमी भी कहा जाता है।

औषधीय गुणों से भरपूर आंवला

अक्षय नवमी की परंपरा धार्मिक आस्था के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण से भी जुड़ी हुई है। आंवला औषधीय गुणों से भरपूर फल है। इसमें विटामिन-सी और एंटीआक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं।

आयुर्वेद में आंवले को महत्वपूर्ण औषधीय फल माना गया है। इसका उपयोग च्यवनप्राश, त्रिफला और कई पारंपरिक औषधियों के निर्माण में किया जाता है।

आंवले का नियमित और उचित मात्रा में सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। वर्तमान समय में तेजी से घटती हरियाली और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के बीच आंवले के वृक्ष की पूजा का पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का संदेश भी देता है।

यह भी पढ़ें- अक्षय नवमी पर जप, तप, दान का मिलेगा अक्षय पुण्य, जान लें महात्‍म्‍य और त‍िथ‍ि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।