विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज: न्यायिक हिरासत में आरोपी की मौत के 3 साल बाद FIR, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का खुलासा 

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:11 PM (IST)

न्यायिक हिरासत में तीन साल पहले हुई एक विचाराधीन बंदी की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। 

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. तीन साल बाद न्यायिक हिरासत में मौत हत्या घोषित।

  2. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिले।

  3. अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, जांच शुरू।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। न्यायिक हिरासत में रहे एक विचाराधीन बंदी की मौत का रहस्य करीब तीन साल बाद नए सिरे से जांच के घेरे में आ गया है।

इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने ऐसे तथ्य उजागर किए हैं, जिसने पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले थे। चिकित्सकीय रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव और सदमे को मौत का कारण बताया गया था।

इसके बावजूद मामला अब तक अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी केस) के रूप में दर्ज था। अब पुलिस की समीक्षा में हत्या की आशंका सामने आने के बाद अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

3 साल पहले हुई थी मौत

मामला किशनगंज शहर के लाइन मस्जिद चौक निवासी विचाराधीन बंदी उबैद आलम की मौत से जुड़ा है। सदर थाना में दर्ज आ

यह भी पढ़ें- सिवान में जमीन हड़पने को 7 दिन तक वृद्धा को रखा भूखा-प्यासा, हत्या कर शव किया गायब; 6 पर केस

वेदन के अनुसार, 25 अक्टूबर 2023 को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

उस समय अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था। करीब तीन साल बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की समीक्षा में सामने आए तथ्यों ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है।

पोस्टमार्टम में तीन जगह मिले थे चोट के निशान

मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू पोस्टमार्टम रिपोर्ट है। इसमें मृतक के शरीर पर तीन अलग-अलग स्थानों पर चोट के निशान दर्ज किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, छाती के बीचोंबीच स्टर्नम के ऊपर दो इंच गुणा एक इंच का चोट का निशान मिला था।

पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में भी दो इंच गुणा एक इंच का दूसरा निशान था। वहीं, दाहिने कूल्हे के ऊपरी हिस्से में तीन चोट के निशान पाए गए थे। चिकित्सकीय रिपोर्ट में इन चोटों को मृत्यु से पूर्व का बताया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर पर आई चोटों के कारण अत्यधिक रक्तस्राव और सदमे (हेमरेज एंड शाक) से मौत हुई थी।

चोटों की प्रकृति को देखते हुए इन्हें जीवन के लिए खतरनाक बताया गया था। पोस्टमार्टम के इन निष्कर्षों ने मौत की परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

पुलिस की समीक्षा में हत्या की आशंका

मामले में पुलिस अवर निरीक्षक सदर अंचल किशनगंज के कार्यालय के ज्ञापांक 2186/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 के आलोक में पर्यवेक्षण-सह-समीक्षात्मक टिप्पणी प्राप्त हुई। इसमें अब तक की जांच और मृतक की अन्य परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर मामले को हत्या का प्रतीत होना बताया गया।

इसके बाद पूर्व में दर्ज यूडी कांड को हत्या के मामले में परिवर्तित कर अज्ञात के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

गलगलिया थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार की ओर से किशनगंज थानाध्यक्ष को भेजे गए आवेदन के आधार पर सोमवार को सदर थाना में केस दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस ने नए सिरे से अनुसंधान शुरू कर दिया है। अब तीन साल तक यूडी केस में दबी रही बंदी की मौत मामले में अब हत्या की प्राथमिकी से कई राज खुल सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।