विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज में कोचाधामन CDPO नागेंद्र कुमार सस्पेंड, गंभीर अनियमितताओं का आरोप

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:21 PM (IST)

कोचाधामन के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नागेंद्र कुमार को गंभीर अनियमितताओं और कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।  

नागेन्द्र कुमार। फाइल फोटो

नागेन्द्र कुमार। फाइल फोटो

HighLights

  1. सीडीपीओ नागेंद्र कुमार को अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया।

  2. वित्तीय गड़बड़ी, कार्य में लापरवाही के आरोप सामने आए।

  3. बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग ने निलंबन आदेश दिया।

जागरण संवाददाता, किशनगंज। कोचाधामन के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) नागेंद्र कुमार को गंभीर अनियमितताओं और कार्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया।

बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग ने 27 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश दिया है। उनके विरुद्ध कार्यालय संचालन, पर्यवेक्षण, वित्तीय एवं क्रय प्रक्रिया में लापरवाही, अनुशासनहीनता तथा पद के दुरुपयोग के आरोप सामने आए हैं।

जांच में पाई गई अनियमितता

विभागीय अधिसूचना के अनुसार, बिहार विधानसभा के सदस्य सरवर आलम की ओर से समर्पित परिवाद तथा अपर समाहर्ता, विभागीय जांच, किशनगंज की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामला सामने आया था।

इसके अलावा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, किशनगंज की रिपोर्ट और अभिलेखों की भी समीक्षा की गई। जांच में नागेंद्र कुमार का स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया गया।

जांच में कई गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। इनमें पोषण अभियान के आवंटन की राशि एक माह बाद भी निकासी नहीं होना, सामान्य रोकड़ बही में लगभग पांच करोड़ रुपये अग्रिम तथा एक करोड़ रुपये की अव्यवहृत राशि लंबित रहना शामिल है।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित निरीक्षण में शिथिलता बरतने, अवकाश के बावजूद निरीक्षण की प्रविष्टि आंगन एप पर दर्ज होने तथा समीक्षात्मक बैठकों में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने के मामले भी सामने आए।

जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा 

विभागीय अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि कारण पृच्छा के बावजूद संबंधित पदाधिकारी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अनुशासनिक प्राधिकार द्वारा जांच प्रतिवेदनों और अनियमितताओं की समीक्षा के बाद उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया गया।

बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि में उन्हें नियम-10 के प्रावधानों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही उनका मुख्यालय पटना प्रमंडल के अंतर्गत जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कार्यालय, कैमूर निर्धारित किया गया है।

यह भी पढ़ें- जमुई: सोनो के कुराबा में जमीन के भीतर छिपे खनिज की तलाश तेज, जीएसआइ की टीम कर रही गहरी ड्रिलिंग, क्या निकलेगा खजाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।