विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई: सोनो के कुराबा में जमीन के भीतर छिपे खनिज की तलाश तेज, जीएसआइ की टीम कर रही गहरी ड्रिलिंग, क्या निकलेगा खजाना

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:32 PM (IST)

जमुई के सोनो प्रखंड के कुराबा गांव में भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की टीम धरती के भीतर छिपी प्राकृतिक संपदा की तलाश में गहरी ड्रिलिंग कर रही है। यह पड़ताल सोने के संभावित भंडार की चर्चाओं के बीच हो रही है, जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक विकास की नई उम्मीदें जगी हैं।

सोनो के कुराबा गांव में की जा रही ड्रिलिंग. सौ: ग्रामीण।

सोनो के कुराबा गांव में की जा रही ड्रिलिंग. सौ: ग्रामीण।

HighLights

  1. सोनो के कुराबा में जीएसआई टीम कर रही गहरी ड्रिलिंग।

  2. धरती के गर्भ में छिपी प्राकृतिक संपदा की हो रही तलाश।

  3. सोने के संभावित भंडार और रोजगार के अवसर की उम्मीद।

संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। जमुई जिले के सोनो प्रखंड की धरती के गर्भ में छिपी प्राकृतिक संपदा का पता लगाने के लिए वैज्ञानिकों ने एक बार फिर पड़ताल शुरू कर दी है। करमटिया में सोने के संभावित भंडार को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं के बीच अब छुछुनरिया पंचायत के कुराबा गांव में भारतीय भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की टीम द्वारा की जा रही ड्रिलिंग से इलाके में नई उम्मीदें जगी हैं।

पिछले तीन-चार दिनों से गांव के खेतों में भारी मशीनों के माध्यम से गहरी ड्रिलिंग कर चट्टानों के नमूने निकाले जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल से पहुंची विशेषज्ञों की टीम इस वैज्ञानिक कार्य में जुटी हुई है।

अचानक शुरू हुई इस गतिविधि से पूरे इलाके में कौतूहल का माहौल है। खेतों के बीच स्थापित भारी-भरकम ड्रिलिंग मशीनें ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि जमीन के नीचे किस प्राकृतिक संपदा की तलाश की जा रही है। हालांकि, सर्वेक्षण टीम की ओर से अब तक किसी विशेष खनिज की मौजूदगी या संभावित भंडार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

चट्टानों के 'कोर सैंपल' से समझी जा रही भू-गर्भीय संरचना

कुराबा में हो रही ड्रिलिंग सामान्य खोदाई नहीं, बल्कि जमीन के भीतर की भू-गर्भीय संरचना को समझने की एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है। आधुनिक मशीनों से गहराई तक छेद कर चट्टानों की विभिन्न परतों के नमूने निकाले जा रहे हैं, जिन्हें कोर सैंपल कहा जाता है।

इन नमूनों के अध्ययन से चट्टानों की प्रकृति, संरचना और खनिजीय विशेषताओं की जानकारी प्राप्त होती है। इसके पश्चात प्रयोगशाला में वैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर खनिजों की मौजूदगी, उनकी गुणवत्ता और संभावित भंडार का आकलन किया जाता है। यानी ड्रिलिंग से निकले नमूनों की विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।

कोयले से लेकर बहुमूल्य धातुओं तक की चर्चा

ड्रिलिंग की खबर फैलते ही कुराबा सहित आसपास के गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कोई इसे कोयले की खोज बता रहा है, तो किसी को जमीन के भीतर बहुमूल्य धातुओं के भंडार होने की उम्मीद है।

करमटिया में सोने के संभावित भंडार को लेकर पहले से बनी उत्सुकता ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि, वैज्ञानिक जांच पूरी होने और आधिकारिक रिपोर्ट जारी होने से पहले किसी खास खनिज की मौजूदगी का दावा करना उचित नहीं होगा।

खनिज की पुष्टि हुई तो खुल सकते हैं रोजगार के रास्ते

सोनो जैसे ग्रामीण और अपेक्षाकृत पिछड़े क्षेत्र में खनिज संपदा की पुष्टि आर्थिक विकास की नई संभावनाएं खोल सकती है। यदि जांच में उपयोगी खनिज का पर्याप्त भंडार मिलता है और उसका व्यावसायिक दोहन संभव पाया जाता है, तो परिवहन, निर्माण, मशीनरी और कारोबार जैसे सहायक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हो सकते हैं।

इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिलने की संभावना बढ़ेगी और स्थानीय बाजार व अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। फिलहाल, सभी की निगाहें कुराबा की धरती के नीचे चल रही वैज्ञानिक पड़ताल के नतीजों पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार का 'मिनी शिमला' है जमुई का सिमुलतला: पहाड़, झरने और राजसी कोठियां मोह लेंगी मन; विवेकानंद का भी रहा जुड़ाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।