विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार का 'मिनी शिमला' है जमुई का सिमुलतला: पहाड़, झरने और राजसी कोठियां मोह लेंगी मन; विवेकानंद का भी रहा जुड़ाव

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:41 PM (GMT+05:30)

सिमुलतला, जमुई जिले का एक खूबसूरत ठिकाना है, जिसे 'मिनी शिमला' कहा जाता है, अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है। यह स्थान पहाड़ों, झरनों, फलों के बगीचों और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों से जुड़े ऐतिहासिक बंगलों के कारण पर्यटकों को आकर्षित करता है।

बिहार का मिनी शिमला है सिमुलतला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का मिनी शिमला है सिमुलतला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. सिमुलतला को बिहार का 'मिनी शिमला' कहा जाता है।

  2. यहां पहाड़, झरने, और ऐतिहासिक बंगले प्रमुख आकर्षण हैं।

  3. स्वामी विवेकानंद ने भी इस शांत जगह पर समय बिताया था।

संवाद सूत्र, सिमुलतला(जमुई)। भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर पहाड़ों की गोद में सुकून के कुछ पल बिताने की चाह रखने वालों के लिए बिहार के जमुई जिले का सिमुलतला एक खूबसूरत ठिकाना है। इसे यूं ही ‘मिनी शिमला’ नहीं कहा जाता। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और सुहावनी आबोहवा पर्यटकों को आकर्षित करती है। 

सिमुलतला पहुंचते ही ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और हरियाली से लदे पेड़ मन मोह लेते हैं। पहाड़ों के बीच से गुजरती जलधाराओं की कल-कल ध्वनि और हल्दिया झरना के आसपास का शांत वातावरण सैलानियों को प्रकृति के करीब होने का एहसास कराता है।

लट्टू पहाड़ से दिखता विहंगम नजारा

सिमुलतला के प्रमुख आकर्षणों में लट्टू पहाड़ शामिल है। यहां से आसपास के पहाड़ों, घाटियों और हरियाली का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। वहीं, कटोरवा ब्रिज के आसपास सूर्यास्त का नजारा भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। 

त्रिशूली मंदिर के पास बने पुल से ढलते सूरज को निहारना एक यादगार अनुभव है। शाम के समय प्रकृति के इस मनोहारी दृश्य के बीच कुछ पल बिताना सैलानियों को खास सुकून देता है।

फूलों और फलों की घाटी का स्वाद

सिमुलतला की पहचान यहां के प्राकृतिक वातावरण के साथ बगीचों और फलों से भी जुड़ी है। यहां आम, कटहल, बेल और पपीते के अलावा शरीफा और अमड़ा जैसे स्थानीय फलों का स्वाद भी पर्यटकों को आकर्षित करता है। खासकर शरीफा और अमड़ा का स्वाद यहां आने वाले लोगों के लिए अलग अनुभव होता है।

इतिहास के झरोखे से महापुरुषों की पसंदीदा जगह

सिमुलतला केवल प्राकृतिक पर्यटन स्थल ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक महत्व भी रखता है। स्वामी विवेकानंद ने वर्ष 1887 और 1889 में यहां समय बिताया था। कहा जाता है कि उन्होंने यहां की जलवायु की प्रशंसा की थी। अंग्रेजों के दौर में भी यह स्थान कई प्रतिष्ठित हस्तियों का पसंदीदा ठिकाना रहा। 

‘बोलती फिल्मों’ के जनक बीएन सरकार, मार्टिन लाइट रेलवे के मालिक आरएन मुखर्जी और प्रथम भारतीय लार्ड एसपी सिन्हा जैसी हस्तियों के ऐतिहासिक बंगले और कोठियां आज भी यहां की पुरानी विरासत की याद दिलाते हैं।

पुरानी कोठियों में ठहरने का अनुभव

सिमुलतला की एक खास पहचान यहां की पुरानी राजसी कोठियां भी हैं। पर्यटकों को यहां सामान्य आवास के साथ ऐतिहासिक बंगलों में ठहरने का अवसर मिल सकता है। इन पुरानी इमारतों की स्थापत्य शैली और वातावरण सैलानियों को बीते दौर की याद दिलाते हैं। इस विरासत को पर्यटन से जोड़कर हेरिटेज टूरिज्म की संभावनाएं भी विकसित की जा सकती हैं।

रेल और सड़क मार्ग से आसान पहुंच

सिमुलतला हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित है। इस कारण देश के विभिन्न हिस्सों से यहां ट्रेन के माध्यम से पहुंचना सुविधाजनक है। सड़क मार्ग से यह राष्ट्रीय राजमार्ग-333-ए से जुड़ा है। प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और शांत वातावरण के कारण सिमुलतला पर्यटन के लिहाज से जमुई जिले की एक महत्वपूर्ण पहचान बन सकता है।

यह भी पढ़ें- तैरेंगे हजारों राजहंस, कैफेटेरिया व वैज्ञानिक मछली पालन की तैयारी, पर्यटन का नया हब बनेगा ब‍िहार का रेलवे तालाब


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।