तैरेंगे हजारों राजहंस, कैफेटेरिया व वैज्ञानिक मछली पालन की तैयारी, पर्यटन का नया हब बनेगा बिहार का रेलवे तालाब
Jhajha Railway Pond Jamui Tourism Development Fish Farming ducks swan Danapur Rail Division : जमुई का झाझा रेलवे तालाब अब सिर्फ जलाशय नहीं, बल्कि हजारों बत्तखों, राजहंसों और आधुनिक सुविधाओं के साथ एक नया पर्यटन केंद्र बन रहा है।

Jhajha Railway Pond Jamui Tourism Development Fish Farming ducks swan Danapur Rail Division
संवाद सूत्र, जमुई (झाझा)। Jhajha Railway Pond Jamui Tourism Development Fish Farming ducks swan Danapur Rail Division : रेलवे तालाब की पहचान अब सिर्फ जलाशय या परंपरागत मछली पालन तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले दिनों में यह तालाब प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। हजारों बत्तखों और राजहंसों की मौजूदगी से तालाब की खूबसूरती बढ़ाने की बड़ी पहल की गई है।
रेलवे प्रशासन के सहयोग से करीब 22.7 एकड़ में फैले इस ऐतिहासिक तालाब को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों और पक्षी प्रेमियों को भी एक नया व बेहतरीन गंतव्य मिलेगा।
साफ-सफाई लगभग पूरी, पानी को स्वच्छ बनाने का काम जारी
परियोजना के तहत तालाब की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। तालाब में बड़े पैमाने पर फैले घास-फूस, जलकुंभी और पानी की सतह पर जमा कचरे को हटाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके बाद अब पानी को स्वच्छ और उपयोग के अनुकूल बनाने के लिए ट्रीटमेंट एवं जल शुद्धिकरण (Water Treatment) का कार्य किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद तालाब का पानी पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ, पारदर्शी और सुंदर दिखाई देगा।
बैठने की व्यवस्था व आधुनिक कैफेटेरिया का होगा निर्माण
तालाब की सुंदरीकरण योजना के तहत आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित व पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा रहा है। यहां लोगों के बैठने के लिए बेहतर बेंच व ट्रैक विकसित करने के साथ-साथ एक आधुनिक कैफेटेरिया (रेस्टोरेंट) बनाने की तैयारी है। इसका मुख्य उद्देश्य है कि स्थानीय लोग व पर्यटक अपने परिवार और बच्चों के साथ यहां पहुंचकर सुकून से प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें। तालाब के पानी में तैरती बत्तखें और राजहंस इस स्थान की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देंगे।
वैज्ञानिक मत्स्य पालन से पैदा होंगे रोजगार के नए अवसर
पर्यटन विकास के साथ-साथ तालाब में वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन (मछली पालन) को भी बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं और आगामी माह से मछली पालन का कार्य सुचारू रूप से शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे न केवल तालाब के प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर भी पैदा हो सकेंगे।
जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने बताया कि झाझा रेलवे तालाब को जल्द से जल्द स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना हमारा मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए साफ-सफाई, जल शुद्धिकरण और सुंदरीकरण सहित सभी कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में विकास कार्यों को पूरा कर झाझा की जनता को एक बेहतर पर्यटन स्थल की सौगात देने का प्रयास किया जा रहा है। इस पूरी परियोजना में दानापुर रेल मंडल की ओर से भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। उम्मीद है कि यह कार्य पूरा होने के बाद झाझा रेलवे तालाब जमुई जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी एक अलग व अनूठी पहचान बनाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।