विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में दोगुना हुआ मछली उत्पादन, फिर भी नद‍ियों से गायब हो रही सिंघी, मांगुर, टेंगरा, कबई, पोठिया, बुआरी व बामी

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:06 AM (GMT+05:30)

Native Fish Species Crisis : बिहार की नदियों और धारों से सिंघी, मांगुर जैसी देसी मछलियां तेजी से गायब हो रही हैं, जबकि राज्य में कुल मछली उत्पादन दोगुना हो गया है। नदियों के सिकुड़ने, प्रदूषण, अतिक्रमण और अवैध खनन को इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है, जिससे जलीय जैव विविधता पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।

Native Fish Species Crisis : नदियों की धारा सिमटी तो उजड़ने लगा मछलियों का संसार।

Native Fish Species Crisis : नदियों की धारा सिमटी तो उजड़ने लगा मछलियों का संसार।

HighLights

  1. रानीगंज की नदियों से देसी मछलियां तेजी से हो रहीं गायब।

  2. नदी सिकुड़ना, प्रदूषण, अतिक्रमण, अवैध खनन मुख्य कारण।

  3. बिहार में कुल मछली उत्पादन दोगुना, पर संकट बरकरार।

संवाद सूत्र, रानीगंज (अररिया)। Native Fish Species Crisis : कभी रानीगंज की नदियों और धारों में पानी की कलकल के साथ देसी मछलियों की भी भरमार रहती थी। फरियानी, दुलरदेई, बिलेनिया, कारी कोसी और केथा धार जैसी जलधाराएं न केवल किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन थीं, बल्कि देसी मछलियों का प्राकृतिक आश्रय भी थीं।

समय के साथ नदियों की धारा सिमटने, जलस्तर घटने, अतिक्रमण, अवैध खनन और जल प्रदूषण ने इस प्राकृतिक संसार को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिसका सीधा असर अब देसी मछलियों की उपलब्धता पर दिखाई देने लगा है।

कभी स्थानीय नदी, धार और छोटे-छोटे जलाशयों में सिंघी, मांगुर, टेंगरा, बुआरी, कबई, पोठिया, लट्टा, गैंचा और बामी जैसी स्वादिष्ट देसी मछलियां आसानी से मिल जाती थीं। ग्रामीणों के मुताबिक, अब इन प्रजातियों को ढूंढ़ना मुश्किल होता जा रहा है और स्थानीय हाट-बाजारों में भी प्राकृतिक जलस्रोतों से मिलने वाली देसी मछलियों की आवक बेहद कम हो गई है।

अररिया की जल संपदा पर भी मंडरा रहा संकट

अररिया जिले की नदियों और जलस्रोतों की बदहाल स्थिति को लेकर जनवरी 2026 में प्रकाशित एक रिपोर्ट में भी गंभीर चिंता जताई गई थी। इसमें जिले की करीब एक दर्जन नदियों के सूखने और सिकुड़ने से जलीय जैव विविधता प्रभावित होने की बात सामने आई थी।

बरसाती नाले में सिमटी नदियां

रिपोर्ट में सिंघी, मोंगरी, टेंगरा, पपता, पैना, लट्टा और गड़ई जैसी मछलियों की घटती उपलब्धता का स्पष्ट उल्लेख किया गया था। वहीं, अगस्त 2026 की एक रिपोर्ट में भी रानीगंज क्षेत्र की फरियानी, दुलरदेई और बिलेनिया नदी के अस्तित्व पर संकट की आशंका जताई गई थी। कभी उफान मारने वाली कई जलधाराओं का अब बरसाती नाले में सिमट जाना पर्यावरण के लिए चिंता का विषय है।

रानीगंज में 763 जलकर और 268.80 हेक्टेयर जलक्षेत्र

बिहार सरकार के मत्स्य निदेशालय के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रानीगंज अंचल में कुल 763 जलकर दर्ज हैं। इनमें 77 सरकारी जलकरों का क्षेत्रफल 163.80 हेक्टेयर और 686 निजी जलकरों का क्षेत्रफल 105 हेक्टेयर है। इस प्रकार अंचल में कुल 268.80 हेक्टेयर जलक्षेत्र उपलब्ध है। इतनी बड़ी जल संपदा होने के बावजूद प्राकृतिक नदियों और धारों में देसी मछलियों के संरक्षण का सवाल आज भी अनसुलझा है।

बिहार में मछली उत्पादन दोगुना

आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में कुल मछली उत्पादन वर्ष 2014-15 में 4.79 लाख मीट्रिक टन था, जो वर्ष 2025-26 में दोगुने से अधिक बढ़कर 10.28 लाख मीट्रिक टन पर पहुंच गया है। हालांकि, तालाबों में व्यावसायिक मत्स्य पालन बढ़ने और प्राकृतिक नदियों में देसी मछलियों की उपलब्धता घटने के बीच के अंतर को समझना जरूरी है।

प्राकृतिक प्रजातियों की चिंता बरकरार

अररिया जिले के कोसी नदी के आर्द्रभूमि क्षेत्र पर वर्ष 2020 में प्रकाशित एक शोध में मछलियों की 33 प्रजातियों की मौजूदगी दर्ज की गई थी, जिनमें से दो प्रजातियां संकटग्रस्त, छह संवेदनशील और 20 निकट संकटग्रस्त श्रेणी में रखी गई थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि नदियों की प्राकृतिक धारा को बनाए रखने, अतिक्रमण व अवैध खनन पर रोक लगाने, जल प्रदूषण नियंत्रित करने तथा मछलियों के प्रजनन काल में अनियंत्रित शिकार रोकने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

यदि समय रहते देसी मछलियों के सर्वेक्षण और संरक्षण की पहल नहीं हुई, तो आने वाली पीढ़ियां इन मछलियों को केवल बुजुर्गों की कहानियों में ही सुनेंगी।

यह भी पढ़ें- बिहार के आदिवासी किसानों की चमकेगी किस्मत, बांका में मछली पालन के लिए तालाब और सोलर पंप पर मिलेगी 80% सब्सिडी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।