विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज में एसएसबी का एक्शन, ट्रक से 30 मवेशी बरामद, छह गिरफ्तार; बिहार से अरुणाचल ले जाए जा रहे थे पशु

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:57 AM (IST)

सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने किशनगंज के गलगलिया में बिहार से अरुणाचल प्रदेश ले जाई जा रही मवेशियों से भरी एक ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई में 30 मवेशी बरामद किए गए और छह लोगों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपा गया।

किशनगंज के गलगलिया में एनएच-327 पर एसएसबी द्वारा जब्त मवेशी लदा ट्रक

किशनगंज के गलगलिया में एनएच-327 पर एसएसबी द्वारा जब्त मवेशी लदा ट्रक

HighLights

  1. एसएसबी ने मवेशियों से भरा ट्रक जब्त किया।

  2. 30 मवेशी बरामद, 16 गाय और 14 बछड़े शामिल।

  3. छह आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल फोन मिले।

संवाद सूत्र, गलगलिया (किशनगंज)। बिहार से अरुणाचल प्रदेश ले जाई जा रही मवेशियों से भरी एक ट्रक को सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने जब्त किया है। शनिवार को 41वीं वाहिनी एसएसबी की टीम ने एनएच-327 पर विशेष जांच अभियान के दौरान ट्रक से 30 मवेशियों को बरामद किया, जिनमें 16 गाय और 14 बछड़े शामिल हैं।

सभी मवेशियों को ट्रक में बेहद तंग और अमानवीय तरीके से ठूंसकर रखा गया था। इस कार्रवाई में ट्रक पर सवार छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चार मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड और 16 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, एसएसबी की जी कंपनी भातगांव के विशेष जांच दल ने कंपनी कमांडर को मिली सूचना के आधार पर शनिवार सुबह 8:30 बजे से 10:45 बजे तक गलगलिया के समीप मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच की।

इसी दौरान चेक पोस्ट से करीब 100 मीटर पहले संदिग्ध ट्रक (नंबर एस 01 एचसी 5596) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें मवेशी ठूंसकर भरे मिले। वाहन पर सवार लोग मवेशियों के परिवहन से जुड़े वैध कागजात और परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके।

हाजीपुर से लोड कर अरुणाचल ले जा रहे थे, दो अन्य के नाम आए सामने

पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि मवेशियों को बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर स्थित मघोल से लोड किया गया था और इन्हें दरभंगा व गलगलिया के रास्ते अरुणाचल प्रदेश ले जाया जा रहा था। आरोपितों ने खुद को मवेशियों की ढुलाई में कुरियर के रूप में काम करने वाला बताया है।

जांच व पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र के दुदांगी लोहागाड़ा निवासी मो. एजाज और पश्चिम बंगाल के नक्सलबाड़ी निवासी अरमान शामिल हैं।

छह आरोपित गिरफ्तार, गलगलिया थाना को सौंपा गया

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के गंदरपुर निवासी परमानंद सहनी (38), वैशाली जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र के बरबोना निवासी आदित्य कुमार (19), छपरा के परवेसाबाद निवासी टुनटुन कुमार (22), सोनपुर के सबलपुर पछियारी टोला निवासी विक्रम कुमार (23), दरिहारा चतुर्भुज निवासी बसंत राय (21) और राहुल कुमार (22) के रूप में हुई है।

एसएसबी की ओर से पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। जब्त ट्रक, 30 मवेशियों, मोबाइल फोन, सिम और नकदी के साथ सभी छह आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गलगलिया थाना पुलिस को सौंपा जा रहा है।

यह भी पढ़ें- किशनगंज में कोचाधामन CDPO नागेंद्र कुमार सस्पेंड, गंभीर अनियमितताओं का आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।