थानाध्यक्ष बनने के लिए पास करनी होगी परीक्षा, किशनगंज एसपी ने लागू की नई व्यवस्था
किशनगंज जिले में अब थानाध्यक्ष के पद पर तैनाती से पहले पुलिस अधिकारियों को तकनीकी पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार। (जागरण)
HighLights
थानाध्यक्ष पद के लिए तकनीकी पात्रता परीक्षा पास करना होगा।
पुलिस अवर निरीक्षक और निरीक्षक रैंक के अधिकारी देंगे परीक्षा।
एसपी संतोष कुमार ने नए नियम लागू करने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। जिले में अब थाने की कमान संभालने से पहले पुलिस पदाधिकारियों को तकनीकी पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।
पुलिस अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक रैंक के पदाधिकारियों को थानाध्यक्ष के पद पर तैनाती से पहले एसएचओ टेक्निकल एलिजिबिलिटी टेस्ट देना होगा।
इस परीक्षा में सफल होने वाले पदाधिकारियों को ही थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है।
जिले में थानाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए तकनीकी पात्रता परीक्षा को अनिवार्य किया गया है। इस व्यवस्था के तहत पुलिस अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक रैंक के पदाधिकारियों को थानाध्यक्ष बनने से पहले परीक्षा में सफल होना होगा।
जिसमें यह परखा जाएगा कि संबंधित अधिकारी को तकनीकी ज्ञान कितनी है। ताकि किसी भी मामले में अब तकनीकी जांच आवश्यक है।
थानों के कामकाज की भी होगी समीक्षा
थानाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए तकनीकी पात्रता परीक्षा अनिवार्य करने के साथ ही थानों के कामकाज की समीक्षा को लेकर भी पहल हो रही है।
सभी थानाध्यक्षों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को विभागीय बैठकों तथा कांडों की समीक्षा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से कराने को कहा गया है।
इसके अलावा अपराध समीक्षा प्रतिवेदन, दैनिक प्रतिवेदन, लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधानकर्ताओं के पास लंबित मामलों, फरार अभियुक्तों की सूची, गुंडा पंजी, मालखाना प्रबंधन, महिला हेल्प डेस्क पंजी और ई-साक्ष्य एप पर लगातार कार्रवाई करने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि कुमार ने थानाध्यक्ष के पद पर तैनाती से पहले पुलिस अवर निरीक्षक और पुलिस निरीक्षक रैंक के अधिकारियों के लिए एसएचओ टेक्निकल एलिजिबिलिटी टेस्ट अनिवार्य करने का निर्देश दिया है।
परीक्षा में सफल होने के बाद ही थानाध्यक्ष के पद पर पदस्थापन होगा। इसके साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।