विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खाने में नशा मिलाकर करते थे बेहोश, रात होते ही बोलते थे धावा; किशनगंज में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश  

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:16 PM (IST)

किशनगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों को ...और पढ़ें

किशनगंज में पकड़ा गया चोर गिरोह। फोटो जागरण

किशनगंज में पकड़ा गया चोर गिरोह। फोटो जागरण

HighLights

  1. किशनगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्य पकड़े।

  2. गिरोह नशीला खाना खिलाकर घरों में चोरी की वारदातें करता था।

  3. चोरी के 401 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

जागरण संवाददाता, किशनगंज। जिले में गृहभेदन की लगातार हो रही घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बिहार और पश्चिम बंगाल में सक्रिय इस गिरोह का खुलासा किया।

गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दो और किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र की एक महिला शामिल है। इनके पास से चोरी के 401 ग्राम चांदी के आभूषण और एक मोबाइल बरामद किया गया है।

नशीला खाना खिलाकर चोरी 

एसडीपीओ टू मनोज कुमार सिंह ने बताया की गिरोह के सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए अनोखा तरीका अपनाता था। जिस घर में चोरी करनी होती थी, वहां खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर लोगों को बेहोश कर दिया जाता था।

इसके बाद रात के अंधेरे में गिरोह के सदस्य घर में घुसकर आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। इस तरीके से गिरोह ने पोठिया थाना क्षेत्र में कई घरों को निशाना बनाया था।

मामले का खुलासा 25 अक्टूबर की रात पोठिया थाना क्षेत्र के पनासी वार्ड संख्या-15 निवासी स्वर्गीय कासिम की पत्नी अनवरी बेगम के घर हुई चोरी की घटना के अनुसंधान के दौरान हुआ।

पीड़िता के आवेदन पर 27 अक्टूबर को पोठिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। इसमें बताया गया था कि रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर पेटी और ट्रंक में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिया।

जांच के लिए टीम गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर अनुसंधान करते हुए पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।

इनमें पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र निवासी फोजील उर्फ फोचो (50), चोपड़ा थाना क्षेत्र निवासी राजेश राय (28) तथा किशनगंज के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पनासी वार्ड संख्या-15 निवासी निलोफर (19) शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल के लाल बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक आभूषण दुकान से चोरी के करीब 401 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

चार गृहभेदन कांडों का हुआ उद्भेदन

पुलिस ने इस गिरोह की संलिप्तता पोठिया थाना क्षेत्र में दर्ज चार गृहभेदन कांडों में पाई है। इनमें पोठिया थाना कांड संख्या 353/2026 (8 अक्टूबर), 381/2026 (27 अक्टूबर), 394/2026 (10 नवंबर) और 395/2026 (11 नवंबर) शामिल हैं।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज पंथ, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक, पोठिया थानाध्यक्ष संजय पांडेय, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अजय अमन, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार सहित जिला आसूचना इकाई एवं संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता और चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। बिहार और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में इस गिरोह से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी तथा चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

यह भी पढ़ें- किशनगंज : पुरुष साथी के साथ घर पहुंची महिला ने गृहिणी से कहा- गहने गिरवी रखना है, फिर चाकू से करने लगी वार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।