किशनगंज : पुरुष साथी के साथ घर पहुंची महिला ने गृहिणी से कहा- गहने गिरवी रखना है, फिर चाकू से करने लगी वार
Kishanganj Thakurganj Knife Attack Woman Arrest: किशनगंज के ठाकुरगंज में गहने गिरवी रखने के बहाने एक महिला ने गृहिणी लक्ष्मी ...और पढ़ें

Kishanganj Thakurganj Knife Attack Woman Arrest: किशनगंज के ठाकुरगंज में दिनदहाड़े गृहिणी पर चाकू से जानलेवा हमला
HighLights
गहने गिरवी रखने के बहाने गृहिणी पर चाकू से हमला।
स्थानीय लोगों ने हमलावर महिला को मौके पर पकड़ा।
पीड़िता लक्ष्मी देवी का पीएचसी में इलाज जारी।
संवाद सहयोगी, ठाकुरगंज (किशनगंज)। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के नगर वार्ड संख्या-दो स्थित फाड़ाबाड़ी में रविवार को दिनदहाड़े एक गृहिणी पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गहने गिरवी रखने के बहाने एक अज्ञात महिला अपने पुरुष साथी के साथ पीड़िता के घर पहुंची और बातचीत के दौरान अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में गृहिणी लक्ष्मी देवी की छाती और गर्दन पर चोटें आई हैं। हालांकि, शोर सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घर में कपड़े धो रही थीं पीड़िता, सिर उठाते ही किया चाकू से वार
जानकारी के अनुसार, पीड़िता लक्ष्मी देवी आदर्श मध्य विद्यालय ठाकुरगंज में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाने का कार्य करती हैं। रविवार की सुबह वे अपने घर में कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला अपने पुरुष साथी के साथ उनके घर पहुंची। महिला ने गहने गिरवी रखने की बात कहकर लक्ष्मी देवी से बातचीत शुरू की। बताया जाता है कि जैसे ही लक्ष्मी देवी उसकी बात सुनने के लिए सिर उठाईं, आरोपी महिला ने अचानक उन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उनकी छाती और गर्दन पर चोटें आईं।
शोर सुनकर जुटे लोगों ने दबोचा, पीएचसी में चल रहा इलाज
अचानक हुए इस हमले से घर में अफरातफरी मच गई। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुट गए और भागने की कोशिश कर रही आरोपी महिला को पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घायल लक्ष्मी देवी को आनन-फानन में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), ठाकुरगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया पीड़िता का बयान, हर पहलू पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष नवनीत कुमार नमन के नेतृत्व में पुलिस टीम पीएचसी पहुंची और इलाजरत पीड़िता से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस हिरासत में ली गई आरोपी महिला से सघन पूछताछ करने के साथ ही उसके पुरुष साथी और हमले के पीछे के कारणों सहित मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।