विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अद्भुत छटा: ब‍िहार के किशनगंज से दिखा हिमालय का विहंगम दृश्य, ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के पीछे चमकीं कंचनजंघा की चोटियां

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:14 AM (IST)

Kishanganj Thakurganj Kanchenjunga Visible: मौसम बदलने के बाद किशनगंज के ठाकुरगंज से हिमालय की कंचनजंघा चोटियां स्पष्ट दिखाई दीं। सुबह ...और पढ़ें

HighLights

  1. मौसम साफ होने पर ठाकुरगंज से कंचनजंघा दिखी।

  2. सुबह की किरणों में चोटियां सोने जैसी चमक बिखेर रही थीं।

  3. स्थानीय लोगों ने इस मनमोहक दृश्य को मोबाइल में कैद किया।

संवाद सूत्र,  ठाकुरगंज (किशनगंज)। Kishanganj Thakurganj Kanchenjunga Visible: मौसम ने करवट बदली तो सीमांचल की धरती पर प्रकृति ने भी अपने अनुपम सौंदर्य का अद्भुत नजारा पेश कर दिया। बुधवार की सुबह किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में जैसे ही आसमान से धुंध और बादलों का पर्दा हटा, सुदूर क्षितिज पर हिमालय की विशाल बर्फीली पर्वत श्रृंखलाएं अपनी पूरी दिव्यता के साथ चमकने लगीं।

सुबह की पहली सुनहरी किरणों के स्पर्श से बर्फ से ढकी कंचनजंघा की चोटियां सोने जैसी आभा बिखेरने लगीं। इस मनमोहक और अप्रत्याशित दृश्य को देखकर स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की नजरें बरबस ही उत्तर दिशा की ओर ठहर गईं। ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन से दिखा यह विहंगम नजारा किसी कैनवास पर उकेरे गए प्राकृतिक चित्र जैसा प्रतीत हो रहा था।

Kanchenjunga Visible from Kishanganj Thakurganj Bihar (1)

ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के पीछे दिखा अद्‍भुत बैकड्रॉप

बुधवार की अलसुबह ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन का दृश्य अपने आप में एक अलग ही कहानी बयां कर रहा था। स्टेशन का पीला साइनबोर्ड, पटरियों के आसपास का शांत व खुला वातावरण और ठीक उसके पीछे क्षितिज पर फैली हिमालय की विशाल पर्वत श्रृंखला।

Kanchenjunga Visible from Kishanganj Thakurganj Bihar

जैसे ही उगते सूरज की कोमल किरणें बर्फ से लदी चोटियों पर पड़ीं, सफेद पर्वत सुनहरी रोशनी से जगमगा उठे। दूर से नजर आ रही कंचनजंघा की उत्तुंग चोटियों ने इस दृश्य के सम्मोहन को कई गुना बढ़ा दिया। ऐसा लग रहा था मानो कुदरत ने सुबह-सुबह ठाकुरगंजवासियों को अपने सौंदर्य की सबसे नायाब तस्वीर भेंट कर दी हो।

Kanchenjunga Visible from Kishanganj Thakurganj Bihar (3)

धुंध छंटते ही मैदानों से हुआ पर्वतों का दीदार

भौगोलिक दृष्टि से देखें तो सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही ठाकुरगंज और आसपास के सीमावर्ती मैदानी क्षेत्रों से हिमालय की चोटियां नजर आने लगती हैं। हालांकि, वायुमंडल में नमी, कोहरे और बादलों के जमावड़े के कारण यह दृश्य कई-कई दिनों तक ओझल रहता है। लेकिन बुधवार को मौसम के पूरी तरह साफ और शुष्क होते ही हिमालय की बर्फीली चोटियां अपनी संपूर्ण भव्यता के साथ दृष्टिगोचर हो गईं।

Kanchenjunga Visible from Kishanganj Thakurganj Bihar (2)

बिना हिल स्टेशन गए मिला कंचनजंघा का तोहफा

इस अद्भुत नजारे की सबसे खास बात यह रही कि कंचनजंघा और हिमालय के दीदार के लिए क्षेत्रवासियों को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग या सिक्किम जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों की यात्रा नहीं करनी पड़ी। ठाकुरगंज जैसे मैदानी भूभाग से ही प्रकृति की यह अनमोल छटा सहज रूप से सुलभ हो गई।

रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की प्रतीक्षा कर रहे मुसाफिरों से लेकर सुबह की सैर पर निकले स्थानीय लोगों तक, हर कोई अपनी जगह ठहरकर इस स्वर्णिम छटा को निहारता और अपने मोबाइल कैमरों में कैद करता दिखा। नीले आकाश की पृष्ठभूमि में चांदी और सोने सी दमकती पर्वत चोटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सीमांचल का यह इलाका प्राकृतिक संपदा और भौगोलिक विशिष्टता के मामले में कितना अनूठा है।

यह भी पढ़ें- विदेशी परिंदों से गुलजार भागलपुर: जिले में मिले राज्य में सबसे अधिक 23268 पक्षी, नवगछिया का घटोरा बना नंबर-1 वेटलैंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।