विदेशी परिंदों से गुलजार भागलपुर: जिले में मिले राज्य में सबसे अधिक 23268 पक्षी, नवगछिया का घटोरा बना नंबर-1 वेटलैंड
Bhagalpur Bird Census 2025 Ghatora Wetland: भागलपुर जिले में इस वर्ष 23,268 पक्षी दर्ज किए गए हैं, जो बिहार में ...और पढ़ें
-1794278860497_m.webp)
Bhagalpur Bird Census 2025 Ghatora Wetland:
HighLights
भागलपुर में 23,268 पक्षी, बिहार में सर्वाधिक संख्या दर्ज।
घटोरा वेटलैंड में 77% विदेशी परिंदे, राज्य में प्रथम।
पिछले चार वर्षों में पक्षियों की संख्या तीन गुना बढ़ी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Bird Census 2025 Ghatora Wetland: सर्दियों की दस्तक के साथ ही अंग प्रदेश के गंगा कछार, दियारा और आर्द्रभूमियां सात समंदर पार से आने वाले रंग-बिरंगे परिंदों की चहचहाहट से गुलजार हो उठी हैं। हजारों किलोमीटर की जोखिम भरी उड़ान भरकर आने वाले विदेशी प्रवासी पक्षियों के लिए भागलपुर की नदियां, शांत जलाशय और समृद्ध आर्द्रभूमियां सबसे सुरक्षित और मुफीद पड़ाव बन चुकी हैं। यहां का प्राकृतिक परिवेश, प्रचुर मात्रा में उपलब्ध भोजन, स्वच्छ जल और अनुकूल मौसमी परिस्थितियां पक्षियों को आकर्षित कर रही हैं।
इसका आधिकारिक प्रमाण हाल ही में जारी बिहार राज्य पक्षी गणना की रिपोर्ट में सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, भागलपुर जिले में कुल 23,268 पक्षी दर्ज किए गए हैं, जो बिहार के सभी जिलों में सर्वाधिक हैं। इसके साथ ही जिले में पक्षियों की 119 प्रजातियों की समृद्ध मौजूदगी भी दर्ज की गई है।
घटोरा वेटलैंड में 77 फीसदी विदेशी परिंदे, पूरे बिहार में रहा पहले पायदान पर
पक्षी गणना के आंकड़ों के अनुसार, नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत स्थित घटोरा आर्द्रभूमि प्रवासी पक्षियों के सबसे बड़े ठिकाने के रूप में उभरी है। वर्ष 2025 की गणना में अकेले घटोरा में 9,046 पक्षी दर्ज किए गए, जिनमें 6,968 प्रवासी और 2,078 स्थानीय पक्षी शामिल हैं। इस लिहाज से यहां पहुंचे कुल पक्षियों में करीब 77 प्रतिशत हिस्सेदारी विदेशी मेहमानों की रही।
पक्षियों की कुल संख्या के मामले में घटोरा पूरे बिहार की आर्द्रभूमियों में पहले स्थान पर रहा है। हालांकि वर्ष 2024 में यहां 10,110 पक्षी दर्ज किए गए थे, जिसकी तुलना में इस बार संख्या में थोड़ी कमी आई है, लेकिन प्रवासी पक्षियों के शीर्ष पड़ाव के रूप में घटोरा की महत्ता आज भी निर्विवाद रूप से कायम है।
-1794278772634.webp)
लालसर, कलहंस से लेकर शिकारी पक्षी हेन हैरियर तक की मौजूदगी
सर्दियों के इस मौसम में घटोरा के नीले जलप्रवाह और दलदली इलाकों में रेड क्रेस्टेड पोचार्ड (लालसर), ग्रेलैग गूज (धूसर कलहंस), बार-हेडेड गूज (सरपट्टी हंस), नार्दर्न पिनटेल, गैडवाल, गर्गनी और कामन टील जैसी दुर्लभ जलीय प्रजातियां अठखेलियां करती देखी जा रही हैं।
इनके अतिरिक्त ब्लैक-टेल्ड गॉडविट, स्पॉटेड रेडशैंक और ग्रीनशैंक जैसे तटीय जलपक्षियों के साथ-साथ आसमान में मंडराने वाले दुर्लभ शिकारी पक्षी हेन हैरियर की मौजूदगी ने यहां के पारिस्थितिक तंत्र को बेहद समृद्ध बना दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी विविध प्रजातियों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि घटोरा केवल जलपक्षियों का आश्रय स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न जैविक जरूरतों वाले पक्षियों का एक संतुलित और आदर्श आवास है।

चार वर्षों में तीन गुना बढ़े पक्षी, पर्यावरण संरक्षण का असर
आंकड़ों का विश्लेषण करें तो भागलपुर में पक्षियों की संख्या में पिछले चार वर्षों के दौरान लगातार ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में जिले में जहां 7,544 पक्षी मिले थे, वहीं वर्ष 2023 में यह आंकड़ा करीब 9 हजार और वर्ष 2024 में 15 हजार के पार पहुंच गया था। इस वर्ष यह संख्या सीधे 23,268 पर पहुंच गई है, जो महज चार साल में तीन गुना से भी अधिक बढ़ोतरी को प्रदर्शित करती है।
मामले पर जिला वन पदाधिकारी आशुतोष राज ने बताया कि गंगा से जुड़ी आर्द्रभूमियां और जलाशय पक्षियों को पर्याप्त आहार और शांत वातावरण उपलब्ध कराते हैं। इन प्राकृतिक स्थलों का संरक्षण न केवल प्रवासी पक्षियों बल्कि स्थानीय प्रजातियों के अस्तित्व के लिए भी अपरिहार्य है। नियमित गणना से पक्षियों की संख्या, जैव-विविधता और उनके पर्यावास में आ रहे सकारात्मक या नकारात्मक बदलावों को समय रहते समझने में मदद मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।