बिहार के इस गांव से क्या है भोजपुरी लोकगायिका देवी का खास कनेक्शन? किशनगंज में 30 बीघा जमीन पर बनवाया आलीशान घर
Bhojpuri Folk Singer Devi भोजपुरी लोकगायिका देवी का किशनगंज के बैरिया गांव से गहरा पारिवारिक संबंध है, जहां उनके पूर्वजों की 30 बीघा जमीन है और उन्होंने हाल ही में नया घर बनवाया है। उन्होंने बैरिया के शांत माहौल की प्रशंसा की और गृह प्रवेश पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व बेटियों की शिक्षा पर जोर देने की बात कही।

Bhojpuri Folk Singer Devi किशनगंज के टेढ़ागाछ में भोजपुरी की चर्चित लोकगायिका देवी।
HighLights
देवी का बैरिया गांव से पीढ़ियों पुराना पारिवारिक रिश्ता।
किशनगंज के बैरिया में बनवाया नया घर, 30 बीघा जमीन।
गृह प्रवेश पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, बेटियों की शिक्षा पर जोर।
संवाद सूत्र, टेढ़ागाछ (किशनगंज)। Bhojpuri Folk Singer Devi भोजपुरी की चर्चित लोकगायिका देवी का किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड स्थित बैरिया गांव से केवल औपचारिक परिचय नहीं, बल्कि पीढ़ियों पुराना पारिवारिक रिश्ता है। गुरुवार को बैरिया पहुंचीं लोकगायिका देवी ने दैनिक जागरण से खास बातचीत में यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और अपने पारिवारिक जुड़ाव को साझा किया।
उन्होंने बताया कि बैरिया में उनके पूर्वजों की करीब 30 बीघा जमीन है। इसी पारिवारिक जुड़ाव को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने हाल ही में बैरिया में अपना नया घर भी बनवाया है।
शहरों की भागदौड़ से दूर सुकून देता है बैरिया का शांत माहौल
टेढ़ागाछ की हरियाली और शांत वातावरण की प्रशंसा करते हुए गायिका देवी ने कहा कि किशनगंज और विशेषकर बैरिया का प्राकृतिक सौंदर्य उन्हें बेहद पसंद है। चारों ओर फैली हरियाली, पेड़-पौधे और खुला वातावरण मन को असीम सुकून देता है।
यहां आकर बड़े शहरों की भागदौड़ और शोर-शराबे से अलग एक अनोखी शांति महसूस होती है। देवी ने बताया कि बैरिया का यह प्राकृतिक माहौल उनके बेटे को भी खूब भाता है, जहां वह पेड़-पौधों और खुले वातावरण के बीच काफी खुश रहता है।
गृह प्रवेश पर सुरों से सजेगी बैरिया की शाम
बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्षेत्र के लोगों को उनके गीत-संगीत का लाइव कार्यक्रम देखने का अवसर कब मिलेगा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अभी उनके नए घर का गृह प्रवेश होना बाकी है। यदि सब कुछ अनुकूल रहा तो गृह प्रवेश के पावन अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है। उनके इस सकारात्मक जवाब से स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में उनके कार्यक्रम को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है।
बेटियों की पढ़ाई पर दिया विशेष जोर
क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों के लिए प्रेरक संदेश देते हुए लोकगायिका देवी ने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त और प्रभावी माध्यम है। पढ़ाई के बल पर महिलाएं समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इसलिए प्रत्येक परिवार को बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। बैरिया में अपना घर बनवाने के बाद देवी के यहां पहुंचने से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है और अब सभी को उनके गृह प्रवेश व संभावित सांस्कृतिक संध्या का बेसब्री से इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।