छठ गीतों के अमर स्वर: विंध्यवासिनी देवी व शारदा सिन्हा से लेकर पवन सिंह, भरत शर्मा व मैथिली ठाकुर तक की सुरीली कहानी
Chhath Puja Famous Singers छठ गीतों का आध्यात्मिक प्रभाव करोड़ों लोगों को भाव-विभोर करता है, और यह लेख विंध्यवासिनी देवी, ...और पढ़ें
-1794732978916_m.webp)
Chhath Puja Famous Singers छठ गीतों के वो बेमिसाल गायक-गायिकाएं, जिनके सुरों के बिना अधूरा लगता है महापर्व
HighLights
विंध्यवासिनी देवी ने छठ गीतों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।
शारदा सिन्हा के गीत आज भी हर घाट की आत्मा।
पवन सिंह, मैथिली ठाकुर ने आधुनिक दौर में लोकप्रियता बढ़ाई।
डिजिटल डेस्क, भागलपुर। Chhath Puja Famous Singers छठ गीत जगत प्रसिद्ध हैं। इनके गायक और गायिकाएं दुनिया के अलग-अलग देशों में मिल जाते हैं। इन गीतों में वह आध्यात्मिक जादू है, जो करोड़ों लोगों को भाव-विभोर कर देता है। कहा जाता है कि छठ गीत सुनते ही सात समंदर पार बैठे प्रवासी बिहारी भी अपने गांव-घर पहुंचने के लिए लालायित हो उठते हैं। छठ गीतों का प्रभाव ऐसा है कि भोजपुरी, मैथिली और हिंदी के बड़े से बड़े कलाकार इस महापर्व पर गीत गाने का अवसर हाथ से नहीं जाने देते।
भले ही आज छठ गीतों को जन-जन तक पहुंचाने वाले कलाकारों की लंबी फेहरिस्त है, लेकिन कुछ ऐसे बेमिसाल गायक और गायिकाएं हैं—विंध्यवासिनी देवी, शारदा सिन्हा, भरत शर्मा व्यास, पवन सिंह, अनुराधा पौडवाल, कल्पना पटवारी, देवी, पलक मुछाल और मैथिली ठाकुर—जिनके सुरों के बिना छठ का उत्सव अधूरा माना जाता है।
विंध्यवासिनी देवी और शारदा सिन्हा: जिन्होंने छठ गीतों को बनाया अमर
छठ गीतों को घर-घर पहुंचाने का प्रथम श्रेय विंध्यवासिनी देवी को दिया जाता है। आमतौर पर 'बिहार कोकिला' के रूप में शारदा सिन्हा को जाना जाता है, लेकिन उनसे पहले विंध्यवासिनी देवी को ही इस उपाधि से नवाजा गया था। मुजफ्फरपुर में जन्मीं विंध्यवासिनी देवी ने 1940 के दशक में ग्रामोफोन के जरिए छठ गीतों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई (हालांकि उनसे पहले मुजफ्फरपुर की ही मजरूही देवी का छठ गीत रिकॉर्ड हुआ था, पर उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिला)।
इसके बाद दशकों तक छठ गीतों की दुनिया पर राज करने वाली पद्मभूषण शारदा सिन्हा महापर्व की पर्याय बन गईं। उनके गाए गीत—'पहिले पहिल हम कईनी छठ मइया', 'उग हो सुरुज देव' और 'केलवा के पात पर'—आज भी हर घाट की आत्मा हैं। संयोग देखिए कि सुरों की इस साधिका का निधन भी छठ महापर्व के ही समय 5 नवंबर, 2024 को हुआ, लेकिन उनकी आवाज आज भी अमर है।
भरत शर्मा व्यास और पवन सिंह
महिला गायिकाओं के साथ-साथ पुरुष गायकों ने भी छठ संगीत को समृद्ध किया है। 'भोजपुरी सम्राट' कहे जाने वाले भरत शर्मा व्यास की आवाज में रची-बसी पारंपरिक लोकधुनें आज भी श्रद्धालुओं की आंखें नम कर देती हैं। उनके गाए 'छठी मइया आई ना दुअरिया' और 'सेवका के अरजिया सुन लीं' जैसे गीत हर घर में बजते हैं।
वहीं, आधुनिक दौर में भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के छठ गीतों के बिना घाटों की रौनक अधूरी रहती है। हर साल छठ से पहले श्रोताओं को उनके नए गीतों का बेसब्री से इंतजार रहता है। उनके गाए 'जोड़े-जोड़े फलवा सुरुज देव' और 'धनि हो भाग हमार' जैसे गीतों ने लोकप्रियता के नए रिकॉर्ड बनाए हैं।
![]()
अनुराधा पौडवाल और पलक मुछाल
गैर-बिहारी मूल की होने के बावजूद बॉलीवुड की दिग्गज गायिका अनुराधा पौडवाल ने भोजपुरी छठ गीतों को अपनी अनमोल आवाज दी। महाराष्ट्र में पली-बढ़ीं अनुराधा के गाए 'मारबो रे सुगवा धनुष से' और 'सिरिफल लेले अइह' आज भी हर छठ घाट पर गूंजते हैं।
इसी कड़ी में बॉलीवुड की चर्चित और सुरीली गायिका पलक मुछाल ने भी छठ गीत गाकर श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया है। पलक की कोमल और भावपूर्ण आवाज में गाया गया छठ गीत 'छठी मइया होइहें सहाय' अपनी सादगी और भक्तिभाव के कारण श्रोताओं के बीच बेहद पसंद किया जाता है।
मैथिली ठाकुर, कल्पना पटवारी और देवी: लोक परंपरा की सशक्त हस्ताक्षर
नई पीढ़ी के कलाकारों में मिथिला की बेटी मैथिली ठाकुर ने अपनी शास्त्रीय व पारंपरिक गायिकी से छठ गीतों को युवाओं और प्रवासी भारतीयों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाया है। हारमोनियम पर अपने भाइयों के साथ बैठकर जब मैथिली पारंपरिक मैथिली और भोजपुरी छठ गीत गाती हैं, तो पूरा माहौल आध्यात्मिक हो उठता है। अब मैथिली ठाकुर भारतीय जनता पार्टी की विधायक हैं।
इसके अलावा असम में जन्मीं कल्पना पटवारी का गीत 'चलेली छठ घाट' और लोकगायिका देवी के गाए 'छठी मइया के बरतिया' व 'घरे-घरे होला छठी मइया के बरतिया' भी छठ महापर्व की इस समृद्ध संगीत परंपरा को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।