बरेलवी-देवबंदी के बीच निकाह अवैध तो दंपती व बच्चों का क्या होगा? दागे तीखे सवाल, 7 दिनों में मांगे 2 जवाब
किशनगंज में बरेलवी-देवबंदी विवाद एक निकाह टूटने से शुरू होकर धार्मिक बहस की चुनौती तक पहुंच गया है। देवबंदी उलेमा ने बरेलवी पक्ष से अंतर-मसलक शादियों की वैधता और उनके बच्चों के भविष्य पर दो तीखे सवाल पूछे हैं, जिस पर दोनों पक्षों ने बहस स्वीकार की है।

Kishanganj Barelvi Deobandi Nikah Dispute किशनगंज में निकाह टूटने से छिड़ा बरेलवी-देवबंदी विवाद, किशनगंज में देवबंदी ने की बैठक।
HighLights
किशनगंज में निकाह टूटने से बरेलवी-देवबंदी विवाद गहराया।
दोनों पक्षों के धर्मगुरुओं ने धार्मिक बहस की चुनौती स्वीकारी।
अंतर-मसलक शादियों की वैधता पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। Kishanganj Barelvi Deobandi Nikah Dispute बिहार के सीमांचल से उठा बरेलवी-देवबंदी विवाद अब तूल पकड़ चुका है। किशनगंज स्थित अर्राबाड़ी में एक निकाह टूटने से शुरू हुआ यह टकराव दो परिवारों के दायरे से निकलकर दोनों विचारधाराओं के धर्मगुरुओं के बीच खुली धार्मिक बहस की चुनौती तक पहुंच गया है। सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर तक फैले इस विवाद ने देशभर में हो रही अंतर-मसलक (पंथ) शादियों और आने वाली पीढ़ियों की धार्मिक वैधता पर एक नई बहस छेड़ दी है।
अर्राबाड़ी में निकाह टूटने और वायरल वीडियो से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, अर्राबाड़ी में निकाह कराने पहुंचे बरेलवी मौलाना ने कथित तौर पर देवबंदी धर्मगुरुओं को काफिर कहा था और देवबंदी युवती पर निकाह से पूर्व बरेलवी पंथ को मानने व देवबंदी धर्मगुरुओं को काफिर कहने का दबाव डाला था। युवती ने ऐसा करने से साफ मना करते हुए निकाह से इनकार कर दिया था। इसके बाद पहले माफी मांगने और फिर दबाव में माफी मंगवाने के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से मामला चर्चा का विषय बन गया।
दोनों पक्षों ने स्वीकार की बहस की चुनौती, 7 दिनों में मांगे दो जवाब
गुरुवार को देवबंदी उलेमा की ओर से मुफ्ती मुनाजिर हुसैन काशमी सामने आए। उन्होंने धार्मिक बहस की चुनौती स्वीकार करते हुए बरेलवी पक्ष से सात दिनों के भीतर दो सवालों के जवाब मांगे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बरेलवी मौलाना दोनों पक्षों के निकाह को अवैध बता रहे हैं, तो बताएं कि देवबंदी और बरेलवी विचारधारा के लोगों के बीच पहले से हुए निकाह के बारे में क्या कहेंगे और ऐसे दंपतियों, उनके बच्चों व आने वाली पीढ़ियों की स्थिति क्या होगी? दूसरी ओर, बरेलवियों की ओर से इस्लामपुर उलेमा परिषद ने भी बैठक कर धार्मिक बहस की चुनौती स्वीकार कर ली है और बहस की तैयारी की बात कही है।
-1795164060377.webp)
मतभेदों को काफिर कहने तक ले जाना गलत— कारी इसहाक गोरा
इस पूरे प्रकरण पर देवबंद (सहारनपुर) में जमीयत दावतुल मुस्लिमीन के संरक्षक कारी इसहाक गोरा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मतभेदों को व्यक्तिगत रिश्तों और सामाजिक विवाद का रूप देना उचित नहीं है। किसी भी धार्मिक मसले पर असहमति होने का अर्थ यह नहीं कि किसी को काफिर कहकर उसकी धार्मिक पहचान पर सवाल उठाए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्लाम की शिक्षाएं किसी भी व्यक्ति को बिना ठोस आधार के दूसरे पर गंभीर धार्मिक आरोप लगाने की अनुमति नहीं देतीं। असहमति हो तो उसका जवाब तर्क और ज्ञान के आधार पर दिया जाना चाहिए, न कि अपमानजनक शब्दों के जरिए।
वरिष्ठ उलेमा और जनप्रतिनिधियों ने की एकता बनाए रखने की अपील
इंटरनेट मीडिया के डिजिटल फतवों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच किशनगंज के वरिष्ठ उलेमा ने लोगों से ऐसे दावों पर ध्यान न देने और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के मार्गदर्शन में चलने की अपील की है। वहीं, मौलाना फैजुर्रहमान नदवी, एआईएमआईएम विधायक तौसीफ आलम और बुधरा पंचायत के पूर्व मुखिया मुदस्सिर नजर ने भी समाज में आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखने का आह्वान किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।