दोस्तों के साथ घूमते-घूमते भारतीय सीमा में घुसा बांग्लादेशी युवक, 12 दिन बाद किशनगंज में पकड़ा गया
दोस्तों के साथ भारतीय सीमा में गलती से घुसा एक बांग्लादेशी युवक 12 दिन बाद किशनगंज में पकड़ा गया।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बांग्लादेशी युवक अनजाने में भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया।
12 दिन बाद किशनगंज में पुलिस ने उसे पकड़ा।
सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ के बाद वापस बांग्लादेश भेजा जा रहा।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। दोस्तों के साथ घूमने के दौरान गलती से भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाला बांग्लादेशी युवक 12 दिन बाद किशनगंज में पकड़ा गया।
सोमवार सुबह सदर थाना की पुलिस ने उसे संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए पकड़ा। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आने के बाद उसे वापस बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान बांग्लादेश के ठाकुरगांव जिले के डांगी निवासी मोहम्मद हासिब, पिता सईदुल, के रूप में हुई है।
पूछताछ में उसने बताया कि करीब 12 दिन पहले दोस्तों के साथ घूमने के दौरान वह अनजाने में भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। इसके बाद भटकते हुए किशनगंज पहुंच गया। उसके दोस्त वापस बांग्लादेश लौट गए, लेकिन पैसे खत्म हो जाने के कारण वह वापस नहीं जा सका।
पुलिस के बाद बीएसएफ ने भी की पूछताछ
सोमवार सुबह युवक को पकड़ने के बाद पुलिस सदर थाना ले आई, जहां उससे पूछताछ की गई। मामले की जानकारी मिलने पर अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी उससे जानकारी ली।
इसके बाद बीएसएफ की टीम सदर थाना पहुंची और युवक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में उसकी गतिविधियां संदिग्ध नहीं पाई गईं।
बीएसएफ के माध्यम से भेजा जाएगा वापस
पुलिस ने मामले की जानकारी बीएसएफ को दे दी है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत युवक को बीएसएफ के हवाले किया जाएगा। इसके बाद भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर उसे बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बल (बीजीबी) को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि बांग्लादेशी युवक भटककर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गया था और घूमते हुए किशनगंज पहुंचा। पुलिस और अन्य एजेंसियों की पूछताछ में संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आने के बाद उसे बीएसएफ के माध्यम से वापस भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
