अलुआबाड़ी रोड-ठाकुरगंज रेल लाइन दोहरीकरण: जमीन अधिग्रहण की अंतिम नोटिफिकेशन जारी, 14 मौजों की भूमि चिह्नित
अलुआबाड़ी रोड-ठाकुरगंज रेलखंड के दोहरीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की अंतिम अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिससे परियोजना का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई तस्वीर।
HighLights
अलुआबाड़ी रोड-ठाकुरगंज रेलखंड दोहरीकरण परियोजना को मिली हरी झंडी।
भूमि अधिग्रहण की अंतिम अधिसूचना जारी, मार्ग प्रशस्त हुआ।
ठाकुरगंज, पोठिया के 14 गांवों की जमीन अधिग्रहित होगी।
संवाद सूत्र, ठाकुरगंज (किशनगंज)। अलुआबाड़ी रोड–ठाकुरगंज रेलखंड के दोहरीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। वर्षों से सिंगल रेल लाइन के सहारे रेल परिचालन की समस्या झेल रहे ठाकुरगंज और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की बेहतर रेल सुविधा की उम्मीद अब धीरे-धीरे हकीकत में बदलती नजर आ रही है।
रेलवे ने परियोजना के लिए चिह्नित जमीन के अधिग्रहण की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए केंद्र सरकार के राजपत्र में अंतिम अधिग्रहण अधिसूचना प्रकाशित कर दी है। 31 अक्टूबर को जारी इस अधिसूचना के बाद परियोजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है।
रेल मंत्रालय की अधिसूचना संख्या एसओ 5947 (ई) के तहत रेलवे संशोधन अधिनियम, 2008 की धारा 20 ई के प्रावधानों के अंतर्गत यह अंतिम घोषणा की गई है। इसके साथ ही दोहरीकरण परियोजना के लिए चिह्नित जमीन के अधिग्रहण का एक महत्वपूर्ण कानूनी पड़ाव पार हो गया है।
परियोजना में इन मौजों की जमीन
बताते चलें कि अलुआबाड़ी रोड–ठाकुरगंज रेलखंड अंतर्गत किशनगंज जिला का दो अंचल ठाकुरगंज एवं पोठिया आती हैं। भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित 47 पन्नों की अधिसूचना में जमीन अधिग्रहण से संबंधित विस्तृत विवरण दिया गया है। जिसमें ठाकुरगंज और पोठिया अंचल क्षेत्र के कुल 14 मौजों की जमीन को परियोजना के लिए चिह्नित किया गया है।
ठाकुरगंज अंचल के कनकपुर, उदरागुड़ी, खरना और ननधारा सहित अन्य मौजों की जमीन इस सूची में शामिल है। वहीं पोठिया अंचल क्षेत्र के कई मौजों की जमीन भी अधिग्रहण के दायरे में लाई गई है।
अधिसूचना में मौजों के नाम के साथ-साथ जमीन के खाता नंबर, खेसरा नंबर, कुल रकबा, अधिग्रहित किए जाने वाले भूखंड का क्षेत्रफल और संबंधित रैयतों के नाम तक का उल्लेख किया गया है। इससे स्पष्ट है कि परियोजना के लिए जमीन की पहचान और राजस्व अभिलेखों से संबंधित प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है।

रेल मंत्रालय की अधिसूचना।
इस संबंध में राजपत्र में यह बताया गया है कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान प्रारंभिक अधिसूचना जारी होने के बाद संबंधित सक्षम प्राधिकारी के समक्ष कोई आपत्ति प्राप्त नहीं हुई।
इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी गई। रिपोर्ट के आधार पर रेल मंत्रालय ने अंतिम अधिग्रहण घोषणा जारी कर दी। राजपत्र में प्रकाशन के साथ अधिसूचित जमीन के केंद्र सरकार में निहित होने संबंधी कानूनी प्रावधान भी प्रभावी हो गया है।
यात्री सुविधाओं के विस्तार का खुलेगा रास्ता
जमीन अधिग्रहण की अंतिम घोषणा के बाद अब लोगों की निगाहें रेलवे की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि दोहरीकरण का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इससे रेल परिचालन की क्षमता बढ़ने, ट्रेनों के संचालन में सहूलियत मिलने और भविष्य में यात्री सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।
हालांकि, अभी निर्माण कार्य शुरू होने की तिथि और परियोजना पूरी होने की समय-सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल राजपत्र में अंतिम अधिसूचना का प्रकाशन ठाकुरगंज के रेल विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।