विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया में गरीब चौपाल के मंच से सियासी हमला, तेजस्वी पर बरसे मंत्री संतोष सुमन, आनंद मोहन मामले में भी दिया बयान

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:08 AM (IST)

खगड़िया में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के 'गरीब चौपाल' कार्यक्रम में मंत्री संतोष सुमन ने तेजस्वी यादव पर पलटवार किया। उन्होंने आनंद मोहन मामले पर सफाई देते हुए कहा कि कार्रवाई न्यायालय के निर्देश पर हो रही है और कानून अपना काम करता है।

गरीब चौपाल में मौजूद हम के नेतागण. जागरण

गरीब चौपाल में मौजूद हम के नेतागण. जागरण

HighLights

  1. संतोष सुमन ने तेजस्वी यादव को 'जंगलराज का युवराज' कहा।

  2. आनंद मोहन मामले में न्यायालय के निर्देश पर कार्रवाई हो रही।

  3. गरीब चौपाल में गरीबों की समस्याएं सुनने का अभियान जारी।

जागरण संवाददाता, खगड़िया। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) की ओर से शुक्रवार को खगड़िया के एक रिसोर्ट में ‘गरीब चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार में लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि गरीबों की समस्याएं सुनने के लिए पार्टी गांव-पंचायत तक पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का मुख्य उद्देश्य गरीबों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और दुख-दर्द सुनना तथा उनके समाधान का प्रयास करना है। गरीब मजदूरों के लिए पटना पहुंचकर अपनी बात रखना कठिन होता है, क्योंकि एक दिन की मजदूरी छूटने से परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।

इसलिए पार्टी गांव, पंचायत और प्रखंड तक पहुंचकर आवेदन के माध्यम से समस्याएं एकत्र कर रही है और उनके निष्पादन का प्रयास कर रही है। डॉ. सुमन ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की विचारधारा पर चलते हुए गरीबों की आवाज बनने को संकल्पित है।

तेजस्वी यादव पर पलटवार, आनंद मोहन मामले पर दी सफाई

पूर्व सांसद आनंद मोहन और मोकामा विधायक अनंत सिंह को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए बयान के संदर्भ में डॉ. संतोष कुमार सुमन ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने तेजस्वी यादव को ‘जंगलराज का युवराज’ बताते हुए कहा कि राज्य में सुशासन की सरकार है।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संकल्प को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार न किसी को फंसाती है और न बचाती है, बल्कि कानून अपना काम करता है। पूर्व सांसद आनंद मोहन से जुड़े मामले में माननीय न्यायालय के निर्देश के आलोक में कार्रवाई हो रही है। कोई भी, कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, यदि गलत करेगा तो कानून के दायरे में आएगा।

पर्चा जमीन, शिक्षा और पलायन के मुद्दों पर उठाएंगे आवाज

महादलित परिवारों को पर्चा वाली जमीन नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि गरीब चौपाल में ऐसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है और पार्टी हर स्तर पर इसके लिए आवाज उठाएगी। वहीं, शिक्षा और पलायन के मुद्दे पर उन्होंने सरकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामबली राम ने की, जबकि संचालन आनंदी सदा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अनिल कुमार, कुटुंबा (सुरक्षित) विधायक ललन राम, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय, बेगूसराय जिला अध्यक्ष पीयूष कुमार और सुपौल जिला अध्यक्ष श्याम कुमार सदा सहित प्रदेश व जिला स्तर के कई नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- घर पर खड़ी रही घोड़ी, फिर भी जीत गई वायरल रेस, अनंत सिंह के नदवां में नहीं उतरी खगड़िया की 'राजधानी एक्सप्रेस'

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।