संभलकर, यह खगड़िया का बेलदौर बाजार है, यहां जाम लग जाए तो कोई बड़ी बात नहीं
खगड़िया के बेलदौर बाजार में सड़कों पर अतिक्रमण के कारण भीषण जाम की समस्या नासूर बन गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है।

बेलदौर बाजार में सड़क किनारे सजी दुकानें और लगा भीषण जाम।
HighLights
बेलदौर बाजार में अतिक्रमण से जाम की गंभीर समस्या।
शुक्रवार, शनिवार और त्योहारों में स्थिति और खराब।
अतिक्रमण हटाने का प्रशासन ने दिया आश्वासन।
संवाद सूत्र, बेलदौर (खगड़िया)। खगड़िया जिले के बेलदौर बाजार में इन दिनों जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है। हालात यह हैं कि बेलदौर बाजार और जाम एक-दूसरे के पर्यायवाची बनकर रह गए हैं।
खासकर शुक्रवार और शनिवार को साप्ताहिक खरीदारी के दिनों में बाजार के मुख्य मार्गों पर दिनभर रुक-रुककर महाजाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम राहगीरों और वाहन चालकों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ता है।
बेलदौर बाजार के बीच से होकर गुजरने वाली करीब 15 किलोमीटर लंबी पनसलवा-बोबिल पीडब्ल्यूडी पथ पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में है। सड़क के दोनों किनारों पर फुटकर विक्रेताओं और दुकानदारों द्वारा दुकानें सजा लिए जाने के कारण मार्ग बेहद संकरा हो गया है, जिसके चलते यहाँ रह-रहकर वाहन फंस जाते हैं।
पड़ोसी जिलों से भी आते हैं लोग, पर्व-त्योहारों में बढ़ी मुश्किलें
बेलदौर बाजार को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 107) से जोड़ने वाली बेलदौर-पीरनगरा सड़क पर भी भारी दबाव रहता है। इस प्रमुख बाजार में न केवल बेलदौर प्रखंड बल्कि पड़ोसी जिले सहरसा और मधेपुरा से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुँचते हैं।
लेकिन स्थिति यह है कि बेलदौर बाजार मुख्य मार्ग के साथ-साथ सत्संग मंदिर रोड के दोनों किनारों पर भी स्थायी और अस्थायी दुकानदारों ने अवैध कब्जा कर रखा है। सुबह से लेकर शाम तक लगने वाले इस जाम ने पर्व-त्योहारों के इस सीजन में लोगों की मुसीबतें और अधिक बढ़ा दी हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई का आश्वासन
आम जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बेलदौर के राजस्व अधिकारी (RO) सत्यनारायण झा ने बताया कि स्थिति गंभीर है और जल्द ही बेलदौर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ बैठक कर संयुक्त रूप से बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि लोगों को सुगम आवागमन मिल सके।
"बेलदौर बाजार में सड़कों के अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। जल्द ही नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से मिलकर बाजार क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।"
— सत्यनारायण झा, राजस्व अधिकारी (RO), बेलदौर (खगड़िया)
यह भी पढ़ें- राजधानी में शुद्ध मिठाई की चिंता, मुंगेर में मिलावट रोकने वाला ही गायब, त्योहार में खाद्य सुरक्षा पर बड़ा सवाल
