विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किराना दुकान की आड़ में 2 करोड़ का स्मैक; पटना नारकोटिक्स की रेड में थार जब्त, जमालपुर में हरियाणा का शराब तस्कर अरेस्ट

Published: Sun, 25 Oct 2026 02:27 AM (GMT+05:30)

Munger Crime News: मुंगेर में सुरक्षा एजेंसियों ने मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नारकोटिक्स ...और पढ़ें

Munger Crime News:  जमालपुर से शराब तस्कर भी धराया

Munger Crime News:  जमालपुर से शराब तस्कर भी धराया

HighLights

  1. पटना नारकोटिक्स ने मुंगेर में स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया।

  2. किराना दुकान की आड़ में 2 करोड़ का स्मैक जब्त हुआ।

  3. जमालपुर में हरियाणा का अंतरराज्यीय शराब तस्कर पकड़ा गया।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Crime News: जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने दो अलग-अलग मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बांक गांव में किराना दुकान की आड़ में संचालित हो रहे एक बड़े स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए पटना से आई नारकोटिक्स विभाग की विशेष टीम ने करीब डेढ़ किलोग्राम स्मैक की बड़ी खेप पकड़ी है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वहीं दूसरी ओर, जमालपुर में उत्पाद पुलिस ने हरियाणा के एक अंतरराज्यीय तस्कर को लग्जरी कार में लदी 1094 पीस विदेशी शराब के साथ रंगेहाथ दबोच लिया।

शाम 5:30 बजे पटना नारकोटिक्स की रेड, थार के साथ आरोपित धराया

सूत्रों के अनुसार, पटना नारकोटिक्स विभाग को बांक गांव स्थित एक किराना दुकान के जरिए स्मैक की थोक व खुदरा खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग की विशेष टीम ने शनिवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक गांव में दबिश दी। अचानक बाहरी टीम को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने जब दुकान और उससे जुड़े ठिकानों की गहन तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली स्मैक बरामद हुई।

टीम ने मौके से एक आरोपित को हिरासत में ले लिया और धंधे में इस्तेमाल की जा रही एक महिंद्रा थार गाड़ी को भी जब्त कर अपने साथ ले गई। इस पूरी कार्रवाई को लेकर मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद और मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने अनभिज्ञता जाहिर की है। एसपी ने कहा कि नारकोटिक्स विभाग द्वारा जिले में की गई ऐसी किसी कार्रवाई की आधिकारिक सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई है।

जमालपुर गोल्फ मैदान के पास हरियाणा का शराब तस्कर गिरफ्तार

उधर, शराबबंदी वाले बिहार में तस्करों के नए तौर-तरीकों पर उत्पाद विभाग ने पानी फेर दिया। उत्पाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार को सूचना मिली थी कि तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए कार का इस्तेमाल कर शराब की खेप जमालपुर के रास्ते बेगूसराय ले जा रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्पाद पुलिस ने ईस्ट कालोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोल्फ मैदान के समीप सख्त घेराबंदी की।

दारोगा पिंटू साह, अवर निरीक्षक मनोज कुमार और जवानों ने संदिग्ध नजर आ रही एक कार को रुकवाकर जब डिक्की और सीटों की तलाशी ली, तो उसमें छुपाकर रखी गई 1094 पीस टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत शराब और वाहन को जब्त करते हुए मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले अंतर्गत मुडथल थाना क्षेत्र निवासी आशु कुमार के रूप में हुई है।

यूपी से बेगूसराय जुड़ा है नेटवर्क, सिंडिकेट की पड़ताल में जुटी पुलिस

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित आशु कुमार ने स्वीकार किया कि शराब की पूरी खेप उत्तर प्रदेश से लोड कराई गई थी। इसे जमालपुर में कुछ स्थानीय धंधेबाजों और फिर बेगूसराय जिले के चिन्हित ठिकानों पर डिलीवर किया जाना था।

उत्पाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि तस्कर के मोबाइल कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट्स को खंगाला जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मुंगेर और बेगूसराय में खेप मंगाने वाले मुख्य किंगपिन कौन हैं। साथ ही आरोपित के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के लिए हरियाणा पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।