20 साल से हांगकांग में रह रहीं, पर नहीं भूलीं अपनी मिट्टी; सास की परंपरा निभाने बिहार पहुंची बहू शिवानी
हांगकांग में रहने वाली शिवानी सिंह छठ पूजा के लिए खगड़िया जिले के अगुवानी गांव लौटी हैं।

परिवार के साथ शिवानी सिंह। (जागरण)
HighLights
हांगकांग निवासी शिवानी सिंह छठ पूजा हेतु खगड़िया लौटीं।
सास से मिली जिम्मेदारी, परंपरा को निभा रही हैं।
छठ पूजा को अपनी जड़ों से जुड़ने का माध्यम मानती हैं।
संवाद सूत्र, परबत्ता (खगड़िया)। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया।
इसकी आस्था और परंपरा सात समंदर पार रहने वाले लोगों को भी अपनी मिट्टी से जोड़ती है। इसकी मिसाल हैं खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड की सियादतपुर अगुवानी पंचायत स्थित अगुवानी गांव की बहू शिवानी सिंह।
वह अपने पति प्रवीण कुमार सिंह के साथ हांगकांग से छठ मनाने ससुराल अगुवानी पहुंची हैं। अगुवानी गंगा किनारे का प्रसिद्ध गांव है। शिवानी बताती हैं कि 2022 में उनकी सास रूपा सिंह (68 वर्ष) ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से छठ पूजा नहीं करने का निर्णय लिया था।
इसके बाद उन्होंने व्रत की परंपरा और जिम्मेदारी बहू को सौंप दी। तभी से शिवानी हर साल हांगकांग से गांव लौटकर श्रद्धा और समर्पण के साथ छठ पूजा करती हैं।
शिवानी पिछले 20 वर्षों से पति के साथ हांगकांग में रह रही हैं। इस दौरान उन्हें छठ के अवसर पर महज तीन-चार बार ही गांव आने का मौका मिला।
सास से पूजा की जिम्मेदारी मिलने के बाद छठ उनके लिए गांव लौटने और परंपरा से जुड़ने का खास अवसर बन गया है।
अपनी मिट्टी से जोड़ती है छठ
शिवानी का कहना है कि छठ हमें अपनी मिट्टी से जोड़ती है। अपनी परंपरा, विरासत, स्वजन-परिजन को एक सूत्र में बांधती है। गांव की महिलाएं भी उनकी पहल की सराहना कर रही हैं। उनका कहना है कि विदेश में रहकर भी शिवानी ने अपनी मिट्टी, संस्कार और पारिवारिक परंपरा को जीवंत रखा है।
शिवानी ने अगुवानी में अपने घर पर खरना पूजन किया और शनिवार को छठ पर्व के निमित्त पूजा की। उनकी पहल क्षेत्र में मिसाल बन रही है। खरना पूजन के साथ ही छठ पूजन को लेकर 36 घंटे का कठिन व्रत आरंभ हो गया है।
शिवानी के अनुसार- छठ मैया सबकुछ पार लगाएगी। उनकी कृपा और दया सदैव बनी रहे।
यह भी पढ़ें- सात समंदर पार छठ ने मिटाई सरहद की दूरी: US में पाक-बांग्लादेशी देते हैं अर्घ्य, जर्मनी में गर्म टब में पूजा