विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया में पूड़ी-सब्जी खाने से एक ही परिवार के 9 लोग पड़े बीमार, 1 की मौत; 8 का चल रहा उपचार

Published: Sun, 27 Sep 2026 11:28 PM (IST)

खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र में पूड़ी-सब्जी खाने से एक ही परिवार के नौ लोग बीमार पड़ गए, जिसमें 65 वर्षीय महिला मैनकी देवी की मौत हो गई।

सीएचसी में इलाजरत महिला और बालक। (जागरण)

सीएचसी में इलाजरत महिला और बालक। (जागरण)

HighLights

  1. खगड़िया में पूड़ी-सब्जी खाने से नौ लोग हुए बीमार।

  2. एक ही परिवार की 65 वर्षीय महिला की हुई मौत।

  3. आठ अन्य सदस्यों का अस्पताल में चल रहा उपचार।

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदिया गांव स्थित वार्ड संख्या-10 निवासी सार्जन यादव के परिवार के नौ लोग घर में बने पूड़ी- सब्जी खाकर गंभीर रूप से बीमार पड़ गए।

घटना शनिवार की रात्रि की बताई जा रही है। देर रात्रि को परिवार के सदस्यों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द शुरू हुआ। समुचित उपचार के अभाव में रविवार की सुबह सार्जन यादव की 65 वर्षीय मां मैनकी देवी की मौत हो गई।

तब जाकर परिवार के लोगों ने चौथम सीएचसी को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीएचसी चौथम से एंबुलेंस हरदिया भेजी गई। जहां से सभी बीमार लोगों को चौथम सीएचसी में भर्ती कराया गया।

इमरजेंसी वार्ड में उपचार

ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अमित कुमार ने सभी बीमार बच्चे व महिला को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार आरंभ किया। इस संबंध में डॉ. अमित कुमार ने बताया कि फूड पॉइजनिंग से सभी लोगों को उल्टी व दस्त हुआ है।

आठ मरीजों में सार्जन यादव की 35 वर्षीय पत्नी मीना देवी, सार्जन यादव के 18 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार समेत उनकी पुत्री रातरानी कुमारी, मुस्कान कुमारी, दीया भारती, गुड़िया कुमारी, मारो कुमारी व पुत्र ऋषभ कुमार शामिल हैं।

सीएचसी से गुड़िया कुमारी व मारो कुमारी को सदर अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी खतरे से बाहर हैं।
इधर घटना की सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज राम, एसआई सिंटू कुमार, एसआई संतोष कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया है।

उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम भी भेजी गई है। टीम घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक नमूने एकत्रित की है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इधर घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में फूड पॉइजनिंग से हड़कंप, 11 और छात्र पहुंचे अस्पताल; प्रसाद के सैंपल की होगी जांच

यह भी पढ़ें- बिहार में गोलगप्पे खाने से 12 लोग बीमार, अस्पताल में मची अफरातफरी; फूड पॉइजनिंग की आशंका