बिहार में गोलगप्पे खाने से 12 लोग बीमार, अस्पताल में मची अफरातफरी; फूड पॉइजनिंग की आशंका
रामनगर के भावल गांव में गोलगप्पे खाने के बाद 12 लोग बीमार हो गए।

अस्पताल में चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
रामनगर के भावल गांव में 12 लोग गोलगप्पे खाकर बीमार हुए।
सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, हालत स्थिर।
डॉक्टरों ने इसे फूड पॉइजनिंग बताया, इलाज जारी है।
संवाद सूत्र, रामनगर। थाना क्षेत्र के भावल गांव में गोलगप्पे खाने से एक दर्जन लोग बीमार हो गए। आनन फानन सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। इतने लोगों के एक साथ आने और साथ में उनके स्वजन के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अफरा तफरी मच गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, डॉ मिथिलेश कुमार के साथ डॉ सुजीत कुमार सभी इलाज में जुट गए। जिन लोगों को भर्ती कराया गया था।
उनमें भावल गांव की मधु देवी (60), जूही कुमारी (25), मयंक कुमार (16), हर्षित कुमार तिवारी (20), दीपराज साह (13) खुशबू कुमारी (14), कृष्णा कुमार (7),नीतीश कुमार(14), मिन्हाज आलम( 8 )शामिल हैं। हालांकि सभी की हालत बेहतर बताई जा रही।
चिकित्सक डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि सभी में फ़ूड पॉइजिंग का लक्षण पाया गया है। इलाज चल रहा है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
भावल गांव से पीएचसी में भर्ती हर्षित कुमार तिवारी व मरीजों के स्वजन ने बताया कि बीते गुरुवार की शाम गांव में घूम कर बेचने वाले गोलगप्पे वाले से जो हमेशा आता है।
आधी रात शुरू हुई उल्टी दस्त
उससे काफी संख्या में लोगों ने खरीद कर गोलगप्पे खाए थे। आधी रात के बाद से ही लोगों में उल्टी दस्त के साथ बुखार आदि की समस्या उठने लगी। ग्रामीण स्तर पर लोगों ने किसी तरह अपना इलाज कराया।
परंतु स्थिति ठीक नहीं होने पर शुक्रवार की दोपहर बाद सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने लगे। हालांकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों की संख्या नौ है। जबकि बताया जा रहा है कि कुछ निजी क्लीनिक में भी इलाज करा रहे हैं।
