खगड़िया में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त, 8 अक्टूबर तक लाइसेंस लेना अनिवार्य; DJ पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
खगड़िया में दुर्गा पूजा और मेला के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने सख्त तैयारी की है। 8 अक्टूबर तक ...और पढ़ें

खगड़िया में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त
HighLights
दुर्गा पूजा के लिए 8 अक्टूबर तक लाइसेंस लेना अनिवार्य।
जिले में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, शराबबंदी का सख्ती से पालन।
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, क्यूआरटी टीम सक्रिय।
जागरण संवाददाता,खगड़िया। जिले में दुर्गा पूजा व मेला आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारी जारी है। सोमवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिसमें पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा के साथ कई आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस मौके पर डीएम विक्रम विरकर और प्रभारी एसपी पुष्कर ने संयुक्त रूप से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिमा विसर्जन, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आपातकालीन प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कुल 97 लाइसेंसी दुर्गा पूजा प्रतिमाएं चिह्नित
इस मौके पर अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 97 लाइसेंसी दुर्गा पूजा प्रतिमाएं चिह्नित हैं, जिनमें गोगरी अनुमंडल में 51 तथा खगड़िया अनुमंडल में 46 प्रतिमाएं हैं। सभी पंडाल व पूजा कमेटी को लाइसेंस लेने के लिए आठ अक्टूबर तक की तिथि निर्धारित की गई है।
सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की गई है। मोनेटरिंग व सुविधा को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। किसी तरह की सूचना व समस्या को लेकर नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06244-222384 कार्यरत रहेगा।
क्यूआरटी टीम रहेगी सक्रिय
पूजा के दौरान जिले में शांति व विधि व्यवस्था बनाए रखने और सूचना पर त्वरित कार्रवाई किए जाने को कहा गया। थाना, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अनुमंडल एवं जिला स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित करने तथा पुलिस उपाधीक्षक स्तर पर इसकी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान रहेगी पैनी नजर
विसर्जन एवं घाटों की सुरक्षा को लेकर कहा गया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों और स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति, रूट निर्धारण तथा आवश्यकतानुसार महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं विसर्जन को लेकर जारी निर्देश के पालन, जुलूस पर पैनी नजर रखे जाने, रौशनी वीडियोग्राफी आदि कराए जाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
पूजा स्थलों पर वीडियोग्राफी एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था करने, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने तथा शराबबंदी कानून का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब के विरुद्ध सघन जांच एवं छापेमारी पर विशेष जोर दिया गया है।
पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था के हो पुख्ता प्रबंध
पूजा पंडालों में विद्युत, भवन निर्माण एवं अग्निशमन संबंधी सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए गए। रावण वध आयोजन पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष खगड़िया जिले में कुल पांच स्थलों पर रावण वध कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस वर्ष आयोजन स्थलों का चयन, विधि-व्यवस्था संधारण तथा पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं मुख्यालय एवं अनुमंडल स्तर पर चौबीसों घंटे आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त, गंगा में मूर्ति विसर्जन और डीजे पर पूरी तरह रोक
