₹1000000000 से चमका खगड़िया का बाजार, धनतेरस पर टूटे बिक्री के रिकॉर्ड: 1 शोरूम से बिक गई 400 बाइकें
धनतेरस के अवसर पर खगड़िया और परबत्ता के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे जिले में एक अरब रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।
-1793974135016_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
खगड़िया में धनतेरस पर एक अरब रुपये का कारोबार हुआ।
वाहन, सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री हुई।
बाजारों में भारी भीड़, पुलिस व्यवस्था सुचारु रही।
जागरण टीम, परबत्ता (खगड़िया)। धनतेरस पर शुक्रवार को खगड़िया शहर और प्रखंड क्षेत्र के बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही प्रमुख बाजारों में चहल-पहल रही।
शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। जिले में एक अरब का कारोबार हुआ। इसकी जानकारी खगड़िया चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव अशोक सर्राफ ने दी है।
खगड़िया के त्रिशा होंडा में चार सौ बाइक की बिक्री धनतेरस के दिन हुई। यहां चार सौ के आसपास बाइक की बिक्री हुई। जुबली बजाज शो रूम में 150 के आसपास बाइक बिके। डेढ़ करोड़ का कारोबार यहां हुआ।
मड़ैया ऑटो एजेंसी में भी एक करोड़ का कारोबार हुआ। सिर्फ परबत्ता प्रखंड में इस बार करीब 10 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। जिले में सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रानिक सामान की कीमतों में वृद्धि के बावजूद लोगों ने खरीदारी की।
लोगों ने आभूषण, बर्तन, झाड़ू, पूजा सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के साथ माता लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर की प्रतिमाएं भी खरीदीं। मान्यता है कि धनतेरस पर नई वस्तु खरीदना शुभ होता है।
इसी परंपरा के तहत लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी की। खगड़िया शहर के राजेंद्र चौक, थाना रोड, मिल रोड, एनएसी रोड और स्टेशन रोड सहित शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर भीड़ रही।
पुलिस रहे तैनात
परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के मड़ैया, महद्दीपुर, सलारपुर, परबत्ता और भरतखंड बाजारों के साथ गांवों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही रही। कई जगह भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिसकर्मी प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में तैनात रहे, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे।
परबत्ता बाजार स्थित पूनम ज्वेलर्स के संचालक पूनम ने बताया कि सोना-चांदी की कीमतें पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ी हैं। चांदी के सिक्कों के दाम में भी कुछ वृद्धि हुई है। इसके बावजूद दुकान पर कम मुनाफे में आभूषण बेचे जा रहे हैं। ग्राहकों ने अंगूठी, बाली और चांदी की पायल अधिक खरीदी। कुछ लोग देवी-देवताओं को चढ़ाने के लिए आभूषण लेने पहुंचे।
इलेक्ट्रानिक सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल और एलइडी की खरीदारी हुई।
यस इलेक्ट्रॉनिक के संचालक बबलू कुमार ने बताया कि इस बार इलेक्ट्रानिक सामान के दाम बढ़े हैं, फिर भी धनतेरस पर खरीदारी के महत्व के कारण लोगों ने सामान लिया। उनके अनुसार, दुकान पर करीब 10 लाख रुपये की बिक्री हुई और ग्राहकों का आना जारी था।
वाहन की हुई बिक्री
वाहन खरीदने वालों की भी अच्छी संख्या रही। मड़ैया स्थित मड़ैया आटो एजेंसी के संचालक आनंद कुमार उर्फ बिट्टू ने बताया कि एजेंसी से बड़ी संख्या में वाहन बिक चुके हैं। ग्लैमर और स्प्लेंडर प्लस की मांग अधिक रही।
उनके अनुसार, करीब 80 लाख रुपये की बिक्री हुई। ग्लैमर की कीमत 1 लाख 3 हजार, स्प्लेंडर प्लस की 94 हजार 500, एक्सट्रीम 125 आर की 1 लाख 14 हजार और एचएफ डीलक्स की 81 हजार रुपये है। एजेंसी में फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध है।
मड़ैया बाजार स्थित मेसर्स कुणाल राज ऑटो मोबाइल के संचालक गोपालकांत साह ने बताया कि उनकी एजेंसी से 30 गाड़ियों की बिक्री हुई है और बिक्री जारी है। एन 160 की मांग अधिक रही। उनके अनुसार, अब तक करीब 25 लाख रुपये की बिक्री हुई है।
पंडित प्रियरंजन मिश्र, प्रमोद मिश्रा और राजा झा ने बताया कि कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन के दौरान औषधियों से भरा कलश लेकर प्रकट हुए थे।
इसी कारण धनतेरस पर धन-वृद्धि की कामना से वस्तुएं खरीदने की परंपरा है। बाजारों में उमड़ी भीड़ और ग्राहकों के उत्साह से कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद रही।
यह भी पढ़ें- Gold Silver Price Crash on Dhanteras: धनतेरस पर सोना धड़ाम, आज गोल्ड में ₹60 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।