विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ : बांस की खपच्चियों से जिंदगी का ताना-बाना बुन रहे 'मलिक'; पीतल व प्लास्टिक की चुनौती के बीच सूप-दौरा अब भी स्मार्ट

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:10 AM (GMT+05:30)

Chhath Puja Bamboo Soup Daurah Artisans: लोक आस्था का महापर्व छठ खगड़िया के मलिक समुदाय के बांस कारीगरों के लिए ...और पढ़ें

Chhath Puja Bamboo Soup Daurah Artisans: खगड़िया में दिन-रात जुटे मलिक समुदाय के कारीगर

Chhath Puja Bamboo Soup Daurah Artisans: खगड़िया में दिन-रात जुटे मलिक समुदाय के कारीगर

HighLights

  1. छठ पर्व मलिक समुदाय के कारीगरों के लिए आजीविका का आधार।

  2. आधुनिक बाजार में भी बांस के सूप-दौरा की जबरदस्त मांग।

  3. महंगे बांस के बावजूद पारंपरिक हस्तशिल्प कला की चमक बरकरार।

कौशल किशोर सिंह, खगड़िया। Chhath Puja Bamboo Soup Daurah Artisans: लोक आस्था के महापर्व छठ ने खगड़िया के मलिक समुदाय के कारीगरों के चेहरों पर एक बार फिर रौनक और खुशी बिखेर दी है। बदलते दौर और आधुनिक बाजार व्यवस्था के बीच भी छठ के पावन अवसर पर बांस से बने डाला, दौरा और सूप की मांग में जबरदस्त तेजी बनी हुई है। इन पारंपरिक पूजा पात्रों को तैयार करने में मलिक समुदाय के कारीगरों को पीढ़ियों से महारत हासिल है और यही उनकी आजीविका का मुख्य पुश्तैनी आधार है।

खगड़िया से अगुवानी व परबत्ता तक दिन-रात जुटे कारीगर, बाहरी जिलों में भी मांग

वर्तमान में खगड़िया शहर से लेकर अगुवानी, परबत्ता, भरतखंड और मड़ैया सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में मलिक समुदाय के महिला-पुरुष कारीगर बांस की खपच्चियों से सूप और टोकरी बनाने में दिन-रात जुटे हुए हैं। छठ महापर्व के मौके पर स्थानीय बाजारों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी इन हस्तनिर्मित उत्पादों की भारी मांग आ रही है।

महंगा हुआ बांस, तीन घंटे की मेहनत से तैयार होती है एक टोकरी

मलिक समुदाय के कारीगरों ने बताया कि वे पर्व की मांग को पूरा करने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत कर सूप और टोकरी तैयार कर रहे हैं। हालांकि, कच्चे बांस की कीमतों में आई तेजी से उन्हें थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन पर्व के सीजन में बिक्री अच्छी होने से ठीक-ठाक मुनाफा निकल आता है।

कारीगरों के अनुसार, पहले बांस काफी सस्ते दाम पर मिल जाता था, लेकिन अब एक बांस की कीमत 250 से 300 रुपये तक पहुंच गई है। एक मजबूत और सुंदर टोकरी बनाने में कारीगर को करीब तीन घंटे का समय लगता है। बाजार में एक सूप 100 से 150 रुपये तथा एक टोकरी (दौरा) 400 से 500 रुपये तक में बेची जा रही है।

पीतल और प्लास्टिक की चुनौती के बीच भी कायम है पुश्तैनी कला की चमक

मलिक समुदाय के लोगों ने बताया कि उन्हें पूरे वर्ष छठ महापर्व का बेसब्री से इंतजार रहता है, क्योंकि सूप, दौरा और डलिया की सर्वाधिक बिक्री इसी अवसर पर होती है। आज बाजार में पीतल और चांदी जैसी धातुओं के सूप आ गए हैं, फिर भी श्रद्धालुओं की आस्था और अपनी पारंपरिक कला को संजोए रखने के संकल्प के कारण बांस के पात्रों की मांग कम नहीं हुई है।

कारीगरों का कहना है कि त्योहारों के अलावा अन्य दिनों में प्लास्टिक उत्पादों के बढ़ते इस्तेमाल से उनके नियमित रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद छठ जैसे लोकपर्वों में इस पारंपरिक हस्तशिल्प कला का आज भी कोई जोड़ और तोड़ नहीं है।

 

यह भी पढ़ें- छठ बाजार में पीतल के सूप और दौरा; 5 साल में 10% से बढ़कर 40% हुए खरीदार, बांस की जगह लोग पसंद कर रहे धातु?



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।