विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खगड़िया में मां दुर्गा के दरबार पहुंचीं मुख्यमंत्री की पत्नी ममता चौधरी, बिहार की सुख-समृद्धि के लिए टेका माथा

Published: Thu, 22 Oct 2026 09:20 AM (IST)

मुख्यमंत्री की पत्नी ममता चौधरी ने खगड़िया का दौरा किया। उन्होंने कई दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

खगड़िया के दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना करतीं ममता कुमारी और मौजूद एनडीए कार्यकर्ता।

खगड़िया के दुर्गा मंदिरों में पूजा-अर्चना करतीं ममता कुमारी और मौजूद एनडीए कार्यकर्ता।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री की पत्नी ममता चौधरी का खगड़िया में धार्मिक दौरा।

  2. विभिन्न दुर्गा मंदिरों में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना।

  3. राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

जागरण टीम, परबत्ता (खगड़िया)। बिहार के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ममता कुमारी (ममता चौधरी) बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर खगड़िया पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न ऐतिहासिक और प्रसिद्ध दुर्गा मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की।

उनके आगमन को लेकर स्थानीय एनडीए कार्यकर्ताओं, पूजा समिति के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखा गया और सभी ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अपने इस धार्मिक दौरे के क्रम में ममता कुमारी सबसे पहले महद्दीपुर स्थित चैती दुर्गा स्थान पहुँचीं, जहाँ उन्होंने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं व सामाजिक जनों से मुलाकात की और क्षेत्र के विकास व जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद किया।

कई प्रमुख मंदिरों में की पूजा-अर्चना

महद्दीपुर के बाद उन्होंने खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत हरदाश्चक स्थित दुर्गा मंदिर में पहुंचकर माता के चरणों में हाजिरी लगाई। यहाँ पूजा समिति की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने श्री बड़ी दुर्गा स्थान, सन्हौली तथा श्री बड़ी सरस्वती दुर्गा स्थान में भी विधिवत पूजा-अर्चना की।

इन सभी स्थानों पर पूजा समितियों, भाजपा-जदयू कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका अभिनंदन किया। मंदिर परिसरों में उन्होंने आम जनता से मुलाकात कर शारदीय नवरात्र की बधाई दी।

दिग्गज नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर खगड़िया के गणमान्य नेता और प्रशासनिक व राजनीतिक प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खगड़िया सदर विधायक बबलू कुमार मंडल, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य,

भाजपा जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, जदयू जिला अध्यक्ष अनुराधा कुमारी कुशवाहा, तथा भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सह मुख्य प्रवक्ता मनीष कुमार राय सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ममता कुमारी के इस दौरे से पूरे जिले में धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का एक सुंदर वातावरण देखने को मिला।

यह भी पढ़ें- गार्ड ऑफ ऑनर के बाद गर्भगृह में पूजा! तेलडीहा मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डीएम को दिए विकास के निर्देश

यह भी पढ़ें- खगड़िया में बागमती का कहर, 14 करोड़ की सड़क का आधा हिस्सा नदी में समाया, दियारा की लाइफलाइन ठप