गार्ड ऑफ ऑनर के बाद गर्भगृह में पूजा! तेलडीहा मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डीएम को दिए विकास के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विजयादशमी पर बांका के तेलडीहा दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर को प्रमुख धार्मिक पर्यटन ...और पढ़ें

विजयादशमी पर प्रसिद्ध तेलडीहा मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। विजयादशमी के पावन अवसर पर मंगलवार की सुबह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बांका जिले के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक तेलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां भगवती के गर्भगृह में पूरे विधि-विधान और वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर समस्त बिहारवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से घोषणा की कि तेलडीहा मंदिर का चहुंमुखी कायाकल्प किया जाएगा और इसे बिहार के एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए विश्वस्तरीय आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद गर्भगृह में 15 मिनट तक विशेष पूजा
मुख्यमंत्री निर्धारित समयानुसार सुबह करीब 9:15 बजे मंदिर परिसर पहुंचे। वहां पहुंचते ही जिला प्रशासन की ओर से उन्हें औपचारिक 'गार्ड ऑफ ऑनर' की सलामी दी गई। इसके उपरांत मुख्यमंत्री मंदिर के गर्भगृह पहुंचे, जहां प्रधान पुजारी श्याम आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक मंदिर परिसर में रुके। इस दौरान उन्होंने मंदिर न्यास और स्थानीय प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए श्रद्धालुओं की सुगमता और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
रिवर फ्रंट और उच्चस्तरीय पुल निर्माण की समीक्षा
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेलडीहा मंदिर के आसपास चल रही आधारभूत विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से निर्माणाधीन रिवर फ्रंट और नदी पर बन रहे उच्चस्तरीय पुल सहित अन्य जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद जिलाधिकारी (डीएम) अंशुल अग्रवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि तेलडीहा को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने से न केवल दूर-दराज के श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक विकास के नए द्वार भी खुलेंगे।
एनडीए नेताओं ने किया स्वागत, सुरक्षा के रहे अभेद्य इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन पर एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र, पुष्पमाला और बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री सह अमरपुर विधायक जयंत राज, बेलहर विधायक मनोज यादव, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, तारापुर के पूर्व विधायक राजीव कुमार, डीएम अंशुल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के संक्षिप्त किंतु महत्वपूर्ण दौरे को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों को सील कर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया था। बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी को भी मुख्य परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी गई।
