विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार: आजादी के दशकों बाद भी 'चचरी पुल' के सहारे हजारों की आबादी, बीमार पड़ने पर एंबुलेंस का भी संकट

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:29 PM (IST)

कटिहार के भंगहा में नदी पर पुल न होने से हजारों लोग नाव या बांस के चचरी पुल पर निर्भर ...और पढ़ें

नदी पार करते ग्रामीण

नदी पार करते ग्रामीण

HighLights

  1. हजारों लोग नाव और बांस के चचरी पुल पर निर्भर।

  2. बरसात में नदी पार करना जोखिम भरा, एंबुलेंस भी मुश्किल।

  3. ग्रामीण वर्षों से तुर्की घाट पर पुल निर्माण की मांग कर रहे।

ए डी खुशबू, पोठिया (कटिहार)। 'नदिया के पार मेरा गांव...' यह पंक्ति भंगहा के तुर्की मुसहरी टोले के लोगों की जिंदगी की हकीकत बयां करती है। यहां नदी पर पुल नहीं होने के कारण हजारों की आबादी का जीवन आज भी नाव और बांस से बने चचरी पुल या फिर नदी तेरने के सहारे चल रहा है। 

ग्रामीणों के लिए नदी पार करना महज रास्ता तय करना नहीं, बल्कि रोजाना जोखिम उठाने जैसा है।खासकर बरसात के दिनों में नाव से नदी पार करते समय लोगों की सांसें अटकी रहती हैं। 

विडंबना यह है कि प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए ग्रामीणों को करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं पंचायत भवन पहुंचने के लिए नदी पार करने पर महज दो किलोमीटर का सफर है, लेकिन सड़क मार्ग से घूमकर जाने पर करीब पांच किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। 

तुर्की घाट पर पुल निर्माण की मांग वर्षो से उठती रही है, लेकिन अब तक ग्रामीणों को आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ है।

खेती-किसानी में भी होती है परेशानी

नदी के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों की खेती योग्य जमीन नदी के एक-दूसरे पार है। भंगहा सहित आसपास के कई गांवों के किसानों की जमीन नदी के उस पार है, जबकि तुर्की मुसहरी के कई ग्रामीणों की कृषि भूमि नदी के दूसरी ओर पड़ती है। 

ऐसे में खेती के काम से रोजाना नदी पार करना उनकी मजबूरी है। चचरी पुल भी जर्जर होकर ध्वस्त हो चुका है। बावजूद इसके ग्रामीण इसी के सहारे आवागमन करने को विवश हैं।

बीमार पड़ने पर बढ़ जाती है मुश्किल

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस बुलाना भी चुनौती बन जाता है। नदी पार कर सीधे पहुंचने के बजाय वाहन को लंबा रास्ता तय कर गांव पहुंचना पड़ता है। इसमें काफी समय लग जाता है। 

कई बार मरीज की हालत बिगड़ने का खतरा बना रहता है। बच्चों की पढ़ाई, रोजमर्रा के काम और जरूरी सरकारी कार्यो के लिए भी ग्रामीणों को इसी समस्या से जूझना पड़ता है।

जनप्रतिनिधियों से लगाई गुहार, अब नए आश्वासन का इंतजार

स्थानीय ग्रामीण मीरा देवी, नीतीश कुमार, निखिल कुमार, अजय और प्रेमलता देवी ने बताया कि तुर्की घाट पर पुल निर्माण के लिए सांसद और विधायक से कई बार मौखिक और लिखित रूप से गुहार लगाई गई। हर बार आश्वासन मिला, लेकिन धरातल पर कोई पहल नहीं हुई। मजबूर होकर ग्रामीण आपसी सहयोग से बांस का चचरी पुल बनाते हैं और उसी के सहारे नदी के आर-पार आते-जाते हैं। 

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान स्थानीय विधायक कविता पासवान ने भी पुल निर्माण का आश्वासन दिया था। अब ग्रामीणों की निगाहें इस वादे पर टिकी है। लोगों का कहना है कि तुर्की घाट पर पुल बन जाने से हजारों की आबादी को आवागमन की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और वर्षो पुरानी मांग पूरी हो सकेगी।

तुर्की फुलाय घाट पर पुल निर्माण की आवश्यकता है। वहां पुल निर्माण हो इसको लेकर विधानसभा सत्र में मामला उठाएंगे, और पथ व पुल निर्माण मंत्री से भी मिलकर अवगत करायेंगे। - कविता पासवान, क्षेत्रीय विधायक कोढ़ा

यह भी पढ़ें- कटिहार में टहलकर फोन पर बात कर रहे बिहार पुलिस के अफसर, रूम में गए और बाहर आते ही गिर पड़े; वीडियो आया सामने


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।