विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में घर की छत पर सोलर लगाने पर मिलेगी 40 से 98 हजार तक की सब्सिडी, हर महीने 300 यूनिट बिजली भी मुफ्त

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:48 PM (IST)

कटिहार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी ने योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। 

कटिहार में घर की छत पर सोलर लगाने पर मिलेगी सब्सिडी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

कटिहार में घर की छत पर सोलर लगाने पर मिलेगी सब्सिडी (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. योजना से हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिलेगी।

  2. सोलर पैनल पर 40 हजार से 98 हजार तक सब्सिडी उपलब्ध।

  3. जिलाधिकारी ने योजना क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

संवाद सहयोगी, कटिहार। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले के अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए मंगलवार को कटिहार अभियंत्रण महाविद्यालय के सभागार में बैठक सह कार्यशाला आयोजित की गई। 

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, बैंक प्रतिनिधियों और सोलर वेंडरों को योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। 

हर महीने 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त 

डीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की इस योजना का उद्देश्य घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना है। इससे बिजली बिल में कमी आएगी और अतिरिक्त बिजली से आय का अवसर भी मिलेगा। 

कार्यशाला में योजना के लाभ, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। डीएम ने जिले में अब तक मिले आवेदनों और लगाए गए सोलर रूफटॉप सिस्टम की प्रगति की समीक्षा की। 

उन्होंने बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियों को सभी प्रखंडों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं का पंजीकरण कराने को कहा। 

कुल 40 हजार रुपये अनुदान

बताया गया कि योजना के तहत एक किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाने पर केंद्र सरकार से 30 हजार और बिहार सरकार से 10 हजार रुपये, यानी कुल 40 हजार रुपये अनुदान मिलेगा। दो किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम 98 हजार रुपये अनुदान का प्रावधान है। 

अनुदान की राशि सीधे लाभुकों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। डीएम ने प्रखंड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीण उपभोक्ताओं को आवेदन प्रक्रिया और बैंकों से मिलने वाले ऋण की जानकारी देने का निर्देश दिया। 

सोलर वेंडरों को गुणवत्तापूर्ण उपकरण लगाने और तय समय में इंस्टॉलेशन पूरा करने की हिदायत दी गई। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। 

कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं विधायक तारकिशोर प्रसाद, मेयर उषा देवी अग्रवाल, डिप्टी मेयर मंजूर खान, कोढ़ा एवं बरारी के मुख्य पार्षद, वार्ड पार्षद, चेंबर आफ कामर्स के प्रतिनिधि, बैंक समन्वयक और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- कटिहार में 70 रुपये किलो पहुंची चीनी, चाय की चुस्की भी हुई महंगी; 5 रुपये वाली चाय अब 10 से 20 में बिक रही


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।