कटिहार रेलवे स्टेशन पर यात्री को आया हार्ट अटैक, RPF की महिला अफसर ने CPR देकर बचाई जान
कटिहार रेलवे स्टेशन पर चितपुर एक्सप्रेस के एक यात्री तेजन मंडल को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर सारिका ने सीपीआर देकर उनकी जान बचाई।
HighLights
कटिहार स्टेशन पर यात्री तेजन मंडल को आया हार्ट अटैक।
आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर सारिका ने तुरंत सीपीआर देकर जान बचाई।
समय पर प्राथमिक उपचार से यात्री की जान बचाने में मदद मिली।
संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चितपुर एक्सप्रेस से जोगबनी जा रहे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हार्ट अटैक आने के कारण यात्री तेजन मंडल बेसुध होकर गिर पड़े।
स्थिति गंभीर देख स्टेशन पर तैनात आरपीएफ (RPF) की सब-इंस्पेक्टर सारिका ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने यात्री को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। कुछ देर की कोशिश के बाद यात्री की सांसें सामान्य होने लगीं।
सब-इंस्पेक्टर सारिका ने दिया CPR
ट्रेन के यात्रियों ने बताया कि यात्रा के दौरान तेजन मंडल की अचानक तबीयत बिगड़ी और वह बेसुध होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सारिका मौके पर पहुंचीं और यात्री की स्थिति गंभीर देखकर तत्काल सीपीआर देना शुरू किया।
उनकी तत्परता से यात्री की हालत में सुधार के संकेत मिले। इसके बाद अन्य आरपीएफ कर्मियों की मदद से यात्री को तत्काल कटिहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया और फिलहाल उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। यात्रियों का कहना था कि आपात स्थिति में समय पर प्राथमिक सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों ने भी यात्री को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग किया।
इस घटना ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि आपात स्थिति में सही समय पर उठाया गया कदम किसी की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। आरपीएफ की सब-इंस्पेक्टर सारिका की तत्परता और मानवीय पहल की स्टेशन पर मौजूद लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
