विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस के भ्रष्टाचार, परिवारवाद व तुष्टिकरण से बिहार में भी सिमटी राजद, कटिहार में नित्यानंद राय ने विपक्ष पर साधा निशाना

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:58 AM (IST)

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कटिहार में कांग्रेस और राजद पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद व तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण का समर्थन करते हुए 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर दिया और विपक्षी दलों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

कटिहार के जैन अतिथि भवन में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन के दौरान मौजूद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय

कटिहार के जैन अतिथि भवन में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन के दौरान मौजूद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय

HighLights

  1. कांग्रेस-राजद पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण का आरोप।

  2. महिला सशक्तिकरण, आरक्षण का समर्थन, पीएम मोदी की सराहना।

  3. 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य, विपक्षी भ्रम पर हमला।

संवाद सहयोगी, कटिहार। कांग्रेस के भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति ने देश में उसका राजनीतिक आधार कमजोर किया है और बिहार में भी राजद उसी राह पर चल रही है, जिसे जनता स्वीकार करने वाली नहीं है। ये बातें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को कटिहार के जैन अतिथि भवन में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत में कहीं।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में महिलाओं के सशक्तीकरण और महिला आरक्षण के समर्थन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।

नित्यानंद राय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम है और उन्हें राजनीतिक व सामाजिक रूप से पर्याप्त अवसर देने की दिशा में सरकार के कदम महत्वपूर्ण हैं। महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए प्रधानमंत्री प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सीमांचल के लोगों को ठगने का काम किया है।

एसआइआर पर कांग्रेस को घेरा, विदेशी फंडिंग का लगाया आरोप

SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध पर गृह राज्य मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची से हटाए गए करीब 13 करोड़ नामों में घुसपैठियों के साथ-साथ मृत, स्थानांतरित और सत्यापन के दौरान अनुपस्थित पाए गए लोगों के नाम भी शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर जनता में भ्रम फैला रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में भी दस बार एसआइआर की प्रक्रिया हुई थी; ऐसे में अब सवाल उठाना राजनीतिक दोहरेपन को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक कांग्रेस 56 बार चुनाव हार चुकी है और 56 साल तक सत्ता में नहीं आने वाली है।

नित्यानंद राय ने यह भी आरोप लगाया कि विदेशी फंडिंग के माध्यम से देश में भ्रम फैलाकर लोकतंत्र, पुलिस बल और सेना को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। राजनीतिक दलों, एनजीओ और सामाजिक संस्थाओं के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले तत्वों के प्रति बुद्धिजीवियों में भी आक्रोश है और देश की जनता ऐसी कोशिशों का जवाब देगी।

कांग्रेस-राजद पर प्रहार, 2047 के विकसित भारत का लक्ष्य

कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासनकाल में 10 से 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए और विकास व जनकल्याण की राशि लूटी गई।

तुष्टिकरण की राजनीति को देश के विभाजन का एक प्रमुख कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि आज भी वोट और सत्ता के लिए इसी राजनीति का सहारा लिया जा रहा है, और बिहार में तेजस्वी यादव भी उसी राह पर चल रहे हैं। परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के कारण जनता कांग्रेस की तरह राजद को भी नकार देगी।

गृह राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया गया है, जहां कोई भूखा, बेघर, अशिक्षित या इलाज से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी के अनुरूप 21वीं सदी भारत की होगी और परिसीमन व महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने की दिशा में सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि सीजेपी के संस्थापक अध्यक्ष के खिलाफ फंडिंग को लेकर एक अमेरिकी महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है।

यह भी पढ़ें- कटिहार: बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी, डीजल लेने निकला 16 वर्षीय किशोर हादसे में मौत, गम के बीच निभाईं रस्में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।