कटिहार: पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी पत्नी, फंदे से लटका मिला शव; अब नाना-नानी संभालेंगे बच्चों को
Katihar Husband Wife Suicide : कटिहार के कोलासी में पति की मौत के 20 दिन बाद पत्नी अंजली कुमारी ने ...और पढ़ें

Katihar Husband Wife Suicide :कटिहार में हृदयविदारक घटना: पति की मौत के 20 दिन बाद पत्नी का भी फंदे से लटका मिला शव
HighLights
पति की मौत के 20 दिन बाद पत्नी ने की आत्महत्या।
दंपती के दो मासूम बच्चे हुए अनाथ, नाना-नानी संभालेंगे।
कटिहार के कोलासी में हृदयविदारक घटना, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कटिहार। Katihar Husband Wife Suicide : जिले के कोलासी क्षेत्र में मंगलवार को एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां पति की मौत के महज 20 दिन बाद ही 20 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी का भी फंदे से लटका हुआ शव मिला है। महज 20 दिनों के अंतराल पर माता-पिता दोनों का साया उठ जाने से दंपती के दो मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। इस दोहरी त्रासदी से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पति के निधन के बाद से गहरे सदमे में थी अंजली
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 20 दिन पूर्व अंजली के पति बिट्टू कुमार का भी फंदे से लटका शव मिला था। पति के आकस्मिक निधन के बाद से ही अंजली गहरे सदमे में रह रही थी। परिजन लगातार उसे ढांढस बंधाने और इस दुख से उबारने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन इसी बीच मंगलवार को उसकी भी मौत की खबर सामने आ गई। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
नाना-नानी के कंधों पर आई दोनों मासूमों की जिम्मेदारी
इस घटना का सबसे मार्मिक और दुखद पहलू यह है कि दंपती के दो छोटे बच्चे अब हमेशा के लिए माता-पिता के स्नेह से वंचित हो गए हैं। इतनी कम उम्र में माता-पिता को खोने वाले इन दोनों मासूमों की देखभाल और परवरिश की जिम्मेदारी अब उनके नाना-नानी पर आ गई है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।