कटिहार में NH-31 पर रोड एक्सीडेंट: शौचालय सफाई गाड़ी और ट्रक के बीच पिसा टेंपो, एक ही गांव के तीन लोगों की मौके पर मौत
Katihar Road Accident 3 Died: कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में बखरी मोड़ के पास बुधवार सुबह एक ट्रक, ट्रैक्टर ...और पढ़ें

Katihar Road Accident 3 Died: ट्रक-शौचालय सफाई गाड़ी और टेंपो की टक्कर में तीन लोगों की मौत
HighLights
तीन वाहनों की भीषण टक्कर में हुआ हादसा
टेंपो सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत
विषनीचक गांव में तीन लोगों की मौत से मातम
संवाद सहयोगी, समेली (कटिहार)। Katihar Road Accident 3 Died: जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बखरी मोड़ के पास बुधवार अहले सुबह एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक ट्रक, शौचालय सफाई करने वाले ट्रैक्टर और सवारी टेंपो के बीच हुई त्रिकोणीय व जोरदार भिड़ंत में टेंपो सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में टेंपो के परखच्चे उड़ गए, जबकि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया।
विषनीचक गांव के तीन लोगों की मौके पर मौत
मृतकों की पहचान समेली प्रखंड की विषनीचक पंचायत (वार्ड संख्या 5) निवासी भीम कुमार (पिता स्व. उपेंद्र साह), जितेंद्र कुमार साह (पिता स्व. गोपाल साह) और बाजो साह (पिता स्व. महंत लाल साह) के रूप में हुई है। ये तीनों ग्रामीण किसी काम से जा रहे थे, तभी काल बनकर आए वाहनों ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल चौथे व्यक्ति को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
टक्कर इतनी जोरदार कि पलट गया ट्रैक्टर, उड़ गए टेंपो के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद वीभत्स था। बखरी मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के समीप तड़के हुए इस हादसे में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शौचालय सफाई करने वाला ट्रैक्टर पलट गया। वहीं, टेंपो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर दौड़े। घटनास्थल पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई थी।
विषनीचक गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना पाकर पोठिया थाना की पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों शवों को मलबे से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही विषनीचक पहुँची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में चारों तरफ मातम पसरा हुआ है। पोठिया थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया की जा रही है और पुलिस हादसे के कारणों की सघन जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।