कटिहार जंक्शन पर खीरे में मिलावट का भंडाफोड़, 9 महिला हॉकर गिरफ्तार; Viral Video के बाद RPF ने लिया एक्शन
एक वायरल वीडियो में महिला हॉकर सड़े खीरे को हरे केमिकल में डुबोकर ताजा दिखाती दिखीं, जिसके बाद आरपीएफ ने 9 महिलाओं को गिरफ्तार किया।

कटिहार जंक्शन पर खीरे में मिलावट का भंडाफोड़, 9 महिला हॉकर गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार रेलवे जंक्शन (Katihar Railway Station Viral Video) पर यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने रेलवे स्टेशन पर महिलाओं द्वारा खुलेआम बेचे जा रहे प्लेटफॉर्म पर खीरे की पोल खोलकर रख दी है।
वीडियो में एक महिला हाकर सड़े-गले और पीले पड़ चुके खीरों को हरे रंग के केमिकल घोल में डुबोकर उन्हें ताजा और आकर्षक बनाते हुए दिखाई दे रही है। वहीं, कुछ ही सेकेंड में खराब खीरा गहरे हरे रंग में बदल जाता था और फिर उसे यात्रियों को ताजा खीरा बताकर बेचा जाता था।
इस वीडियो के वायरल होते ही कटिहार स्टेशन और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए 9 महिला हॉकर्स को गिरफ्तार किया है।

7 मई को वायरल हुआ वीडियो, 24 घंटे में RPF ने लिया एक्शन
इस संबंध में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 07 मई को सोशल मीडिया पर शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कटिहार की विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच में यह पुष्टि हुई कि स्टेशन परिसर में खीरे को हरे खाद्य रंग में डुबोकर ताजा दिखाने के उद्देश्य से बेचा जा रहा था।
रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज
इसके बाद 08 मई को आरपीएफ ने मामला दर्ज कर विशेष छापामारी अभियान चलाया। इसमें स्टेशन और रेल परिसर में कुल 9 महिलाओं को पकड़कर रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
बताया जाता है कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला की पहचान करहगोला निवासी 65 वर्षीय फूलबती देवी के रूप में हुई।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह और एक अन्य महिला खीरे को हरे रंग में डुबोकर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बेचती थीं। फिलहाल, आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इधर, यात्रियों में दहशत का माहौल है और लोग अब स्टेशन पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर सतर्क हो गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के संदिग्ध रंग और केमिकल का सेवन लीवर, किडनी और पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन परिसर में खुलेआम ऐसा धीमा जहर बेचा जा रहा था।
